- इंदौर के निजी अस्पताल में कराया जा रहा है इलाज,
- अपने साथी की बेटी को बचाने के लिए हर संभव सहायता की बात कह रहे किसान संघ के सदस्य
आर्थिक रूप से कमजोर किसान की बेटी के दोनों लंग्स खराब हो गए, उसने चलना फिरना भी बंद कर दिया। ऐसे में किसान संघ आगे आया और जिले के किसानों से मदद मांगी। किसानाें ने भी सहयाेग कर बेटी के इलाज के लिए 3 लाख रुपए एकत्र कर दिए। खालवा के ग्राम बखार निवासी पूजा पिता स्व. गोकुल पिछले तीन साल से टीबी सहित अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रही है।
आर्थिक रूप से कमजोर होने के बाद भी परिजन ने उसका इलाज खंडवा के निजी अस्पताल में कराया, यहां स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टर ने इंदौर में ऑपरेशन कराने की सलाह दी और कहा कि देरी की ताे इसकी जान भी जा सकती है। जब यह जानकारी भारतीय किसान संघ के कुछ सदस्यों को मिली तो उन्होंने साेशल मीडिया पर किसानाें से पूजा के उपचार के लिए मदद मांगी। असर यह हुआ कि कुछ ही दिनों में 3 लाख रुपए एकत्रित कर लिए। अब तक 60 से अधिक किसान अपने साथी की बेटी की मदद के लिए आगे आ चुके हैं।
हर संभव मदद कर रहे किसान- भारतीय किसान संघ के जिला संयोजक सुभाष पटेल ने बताया पूजा का उपचार इंदौर के निजी अस्पताल में चल रहा है। गुरुवार को उसका ऑपरेशन भी हुआ। किसान अपने साथी के बेटी को बचाने के लिए हर संभव सहायता के लिए तैयार हैं। अब तक ग्राम बावड़ियाकाजी, खार, बखार, खालवा, बरूड़, पंधाना, छैगांवमाखन, पुनासा क्षेत्र के 60 से अधिक किसानों ने मदद की है।

0 coment rios:
Hi friends