बैसली बांध की सफाई के लिए नगरवासियों ने किया चंदा तो शर्मिंदा होकर प्रशासन ने फिर से बांध में उतारी जेसीबी,
बैसली बांध में जमी सिल्ट को हटाने के लिए जब प्रशासन एक बार पीछे हटा तो नगरवासियों ने उस पर होने वाले खर्च का बीड़ा उठाने का निर्णय लिया, इसी दौरान गोहद चौराहा स्थित मुक्तिधाम के माली नेकराम ने सबसे पहले अपनी जेब से 100 रुपए निकाल कर दिए, इसके बाद लोगों में ऐसा जोश आया कि मात्र 3 घंटे में बांध की सफाई के लिए 75 हजार रुपए एकत्रित हो गए।
वहीं जब यह खबर प्रशासन तक पहुंची तो शर्मिंदा होकर नगरपालिका की जेसीबी पुनः बांध में जमी सिल्ट को हटाने के लिए पहुंच गई। हालांकि नगरवासियों ने साफतौर पर कहा कि अब उन्हें किसी की मदद की जरूरत नहीं है वे अपनी प्यास बुझाने के लिए खुद ही बांध की सफाई कराएंगे। दरअसल नगरपालिका पिछले दो दिनों से बैसली बांध की सफाई करा रही थी। इसी दौरान जब एक शिकायतकर्ता ने इस सफाई पर होने वाले खर्च का ब्यौरा मांगा गया तो प्रशासन पीछे हट गया।
बढ़ गया जोश... माली के 100 रुपए देते ही सभी का उत्साह हुआ दोगुना
बांध सफाई से प्रशासन के पीछे हटने की जानकारी जब नगर के लोगों को लगी तो समाजसेवी शुक्रवार की सुबह करीब 8 बजे बैसली बांध पर एकत्रित हुए और उन्होंने बांध की सफाई का जिम्मा खुद उठाने की बात कही। इसी दौरान जब मुक्तिधाम के माली ने अपनी जेब से 100 रुपए निकालकर दिए तो सभी का उत्साह दोगुना हो गया।
खुले हाथों दिया चंदा... बाजार में पहुंचे तो दान देने लग गई भीड़
इसके बाद सभी समाजसेवियों ने स्वयं भी बांध की सफाई के लिए दान राशि देना शुरू किया और कुछ ही मिनटों में यह राशि 100 रुपए से बढ़कर 20 हजार रुपए तक पहुंच गई। वहीं जब यह सभी समाजसेवी सामूहिक रूप से एकत्रित होकर बाजार में धनराशि जुटाने के लिए पहुंचे तो मात्र तीन घंटे में करीब 75 हजार रुपए की राशि जुट गई।
बैठकः बांध की सफाई के लिए आज नगरवासी मिलकर बनाएंगे रणनीति
समाजसेवी नाथूराम अग्रवाल, विष्णु अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, आशीष मुदगल, संजय झा, विक्की यदुवंशी, शैलेंद्र सोनी, गिरीश शर्मा, पिंकी उच्चाडिया, राजेंद्र कुशवाह ने तय किया कि बांध की सफाई के लिए अब वे किसी अन्य की सहायता नहीं लेंगे। बल्कि खुद ही इसकी सफाई कराएंगे। इसके लिए शनिवार की सुबह 7 बजे बांध पर नगरवासियों बैठक बुलाई गई है।
मिट्टी उठाने प्रशासन बढ़ाएगा ट्रैक्टर, नगर के लोग लगाएंगे पोकलेन
बैसली बांध की सफाई के लिए नगरवासी सामूहिक रुप से एकत्रित होकर आगे आए तो प्रशासन ने भी शर्मवश नगरपालिका की जेसीबी भी पहुंचा दी। इस जेसीबी ने दिन भर बांध से सिल्ट हटाने का कार्य किया। वहीं एसडीएम शुभम शर्मा ने बताया कि कल (शनिवार) से बांध की खुदाई में निकलने वाली मिट्टी को उठाने के लिए 10 ट्रैक्टर ट्राॅलियों ओर लगाई जाएगी।
इसके अलावा नगरवासियों की ओर से शनिवार से बांध में सिल्ट हटाने के लिए दो पोकलेन भी उतारी जाएंगी, ताकि बांध का गहरीकरण जल्द से जल्द हो सके और लोगों को गोहद के लोगों को पानी के लिए परेशान न होना पड़े।
10 फीट भी सिल्ट हटी तो गोहद के लिए 8 माह के पानी का इंतजाम होगा
गोहद के बैसली बांध में वर्तमान में 47 मिलियन घन फीट पानी संग्रहण की क्षमता है। जो कि नगरवासियों की डेढ़ से दो महीने तक प्यास बुझा पाता है। वहीं यह पानी तब संग्रहित होता है जब बांध में 505 फीट तक सिल्ट जमा है। जब बांध में पानी 508 फीट तक संग्रहित किया जा सकता है । यानि एक फुट में 15.6 फुट पानी संग्रहित होता है। यदि बांध में 5 से 10 फीट तक भी सिल्ट हटती है तो बांध में 78 से 156 फुट तक पानी संग्रहित हो सकता है। इस प्रकार से नगरवासियों को 5 से 8 महीने तक के लिए पानी का इंतजाम हो सकता है।
किसी भी हालत में डैम की सफाई के लिए लोगों का उत्साह कम नहीं होने देंगे, हम भी करेंगे पूरी मदद
- गोहद नगर में स्थित बैसली बांध की सफाई के लिए लोगों में काफी उत्साह है। इसके लिए नगरपालिका से एक जेसीबी सफाई के लिए लगाई है। हम कल से मिट्टी के उठाव के लिए ट्रैक्टर ट्राॅलियों की संख्या बढ़ाएंगे। लोगों के उत्साह को कम नहीं होने देंगे। - शुभम शर्मा, एसडीएम गोहद

0 coment rios:
Hi friends