- हत्या के प्रयास में एक साल से फरार था आरोपी
लोधिनपुरवा में बीते रोज खेत पर मौजूद हत्या के प्रयास के आरोपी को पकड़ने पुलिस पहुंची, तो आरोपी नीम के पेड़ पर चढ़ गया। करीब आधा घंटे की मशक्कत और मान-मनौव्वल के बाद बमुश्किल आरोपी को पेड़ से नीचे उतारा जा सका। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गौरिहार थाने में मारपीट, बलवा, हत्या के प्रयास मामले में एक वर्ष पहले लोधिन पुरवा के शंकर राजपूत 48 वर्ष के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया था। बीते रोज गौरिहार थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत को आरोपी शंकर के खेत पर बनी टपरिया में होने की सूचना मिली। वे पुलिस बल के साथ लोधिनपुरवा में आरोपी के खेत पर पहुंचे। पुलिस की गाड़ी आते देख आरोपी खेत पर लगे नीम के पेड़ पर चढ़कर छिप गया। पुलिस ने खोजबीन की तभी आरोपी नीम के पेड़ पर चढ़ा दिखाई दिया।
आरोपी को नीचे उतरने के लिए थाना प्रभारी और पुलिसकर्मियों ने समझाइश दी। लेकिन आरोपी नीचे उतरने को राजी नहीं था, पुलिस ने उसे काफी समझाया, मान मनौव्वल की लेकिन वह उतरने को तैयार ही नहीं था। करीब आधा घंटे समझाइश और मनौव्वल के बाद एक आरक्षक पेड़ पर चढ़ा तो आरोपी ने कूदने का प्रयास किया, लेकिन उसे पकड़ लिया और नीचे उतारा गया।

0 coment rios:
Hi friends