सोमवार, 22 फ़रवरी 2021

अंधविश्वास:रात 1:30 बजे ही कर दी थी हत्या, तंत्र-मंत्र से फिर जिंदा करवाने के लिए कार में लाश लेकर घूमते रहे


  • तंत्र मंत्र के चक्कर में होम्योपैथी डॉक्टर व 3 साल के बेटे की हत्या का मामला,

  • डॉक्टर की पत्नी के गले से बिना ऑपरेशन के निकाला दो रु. का सिक्का


तंत्र-मंत्र के चक्कर में ग्राम ठिकरिया में होम्योपैथी डॉक्टर राजाराम खराड़ी की हत्या आरोपियों ने रात करीब 1:30 बजे ही कर दी थी। मृत राजाराम को जिंदा करवाने के लिए छोटा भाई विक्रम, बहन तुलसी का बेटा अजय, तुलसी के जेठ का बेटा राहुल लाश को धराड़ में दूसरे भोपा (तांत्रिक क्रिया करने वाला) के यहां ले गए थे। सुबह ठिकरिया जाते समय पुलिसकर्मी जीजा बाबूलाल को एक्सीडेंट बताकर सेंट्रल स्कूल के पास बुलवाया।

जीजा के कहने पर लाश को जिला अस्पताल ले गए जहां से पुलिस को हत्या की जानकारी मिली। उधर शनिवार देर रात मेडिकल कॉलेज के डाक्टरों ने घायल नर्स के गले में फंसा सिक्का ऑपरेशन किए बगैर निकाल दिया। सिक्का निकलने के बाद नर्स ने तहसीलदार को बयान भी दर्ज करवाए।

याद रहे, रतलाम से 25 किलोमीटर दूर ग्राम ठिकरिया में तंत्रमंत्र के चक्कर में भोपाओं (तंत्र क्रिया करने वाले) ने शुक्रवार रात को होम्योपैथी डॉक्टर राजाराम खराड़ी और उनके तीन वर्षीय बेटे आदर्श की पीट-पीट कर हत्या कर दी थी। डॉक्टर की नर्स पत्नी के गले में सिक्का ठूंस दिया था। पुलिस ने शिवगढ़ थाने में राजाराम की बहन तुलसी उसके बेटे अजय, बेटी माया तथा तीन अन्य के खिलाफ आपराधिक षड्यंत्र, हत्या, हत्या का प्रयास और अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया। जांच के बाद तुलसी के जेठ के बेटे राहुल और मृतक के भाई विक्रम को भी आरोपी बनाया है।

मामेरा का सामान लेकर आई थी डॉक्टर की पत्नी सीमा

सीमा के पिता ग्राम कांगसी निवासी भैरूसिंह कटारा ने बताया ससुराल में मामेरा के लिए सीमा को सामान दिलाकर 18 फरवरी गुरुवार को उसका छोटा भाई संजय ठिकरिया छोड़कर आया था। रात को सीमा को फोन लगाया तो मोबाइल नो रिप्लाई हुआ। अगले दिन भी बात नहीं हुई। भैरूसिंह ने बताया शनिवार सुबह जानकारी मिली तो ठिकरिया पहुंचे। उनका बेटा संजय और दामाद रामाजी भी आ गए थे। संजय ने दरवाजा खोलने की कोशिश की तो बहनों ने दरवाजा नहीं खोलने दिया। भैरूसिंह के अनुसार सीमा ने उन्हें अस्पताल में बताया रात को तंत्र क्रिया के दौरान उसके साथ मारपीट की।

छोड़ देने पर बाहर आकर खाट पर लेट गई। देवर विक्रम और ननद तुलसी का बेटा अजय आया और बाल पकड़कर फिर अंदर ले गया। अजय ने धमकी दी कि कमरे में हाथ-पैर लंबे कर लेटे रहना नहीं तो गरम सरिया चिपका दूंगा। ससुर कन्हैयालाल ने भी बचाने की कोशिश की परंतु उसे भी बेटियों ने भगा दिया।

पूर्व सरपंच पिता बोले-बेटे और पोते के साथ बेटी ने बहुत बुरा किया

शादी-ब्याह या घर में कोई भी कार्यक्रम हो सारा काम बेटी तुलसी ही संभालती थी। उसी ने यह सब किया। यह बात मृतक राजाराम के पिता कन्हैयालाल खराड़ी ने भास्कर से कही। उसने ऐसा क्यों किया पता नहीं। गांव वालों ने बताया कुछ दिनों से तुलसी को बावजी के भाव आते थे। पहले ऐसा नहीं था। मंगलवार को तुलसी ठिकरिया आई थी। मंगलवार को ही घर के पीछे बड़ के पेड़ के नीचे काफी देर तक तंत्र क्रिया कर रही थी।

नर्स ने बताया दो ननद, देवर और साथी शामिल हैं वारदात में

जिला अस्पताल में नर्स सीमा का ऑपरेशन किए बगैर देर रात गले से दो रुपए का सिक्का निकाल लिया गया। अब नर्स सीमा बातचीत करने लगी है। नर्स ने भास्कर को बताया पूरी घटना में ननद तुलसी और सागर, देवर विक्रम के साथ अन्य लोग शामिल हैं। तहसीलदार मुकेश सोनी ने रविवार को सीमा के बयान दर्ज किए।

हमले में उपयोग किया सामान जब्त : पुलिस ने रविवार को तंत्रमंत्र में उपयोग की गई सामग्री, हत्या में प्रयोग किए गए मूसल, सब्बल, लोटा, परात व अन्य वस्तुएं जब्त की। कार्यवाही के बाद मृतक की आठ बहनों के साथ पिता और ठिकरिया के पूर्व सरपंच कन्हैयालाल को भी थाने ले गई। मृतक राजाराम और उसके बेटे आदर्श का अंतिम संस्कार शनिवार शाम को पिता कन्हैयालाल ने किया। रविवार को ठिकरिया में कन्हैयालाल के घर में कोई नहीं था। मृतक राजाराम के यहां मातम पुरसी के लिए आए रिश्तेदार और गांव वाले घर के बाहर मैदान और खेत में बैठे थे।

शादी टली, अगले साल होगी : मृतक राजाराम की बहन सागर की शादी ताजपुरिया के बालाराम मावी के बेटे अतीश से और बड़ी बहन संतोष की बेटी सीमा की शादी खानिया का टापरा निवासी जीवणा निनामा से होनी थी। बारात सोमवार को आनी थी। ताजपुरिया निवासी बालाराम मावी ने बताया इस घटना के बाद शादी का कार्यक्रम निरस्त कर दिया है। अगले साल कोई तारीख तय करेंगे।


SHARE THIS

Author:

Etiam at libero iaculis, mollis justo non, blandit augue. Vestibulum sit amet sodales est, a lacinia ex. Suspendisse vel enim sagittis, volutpat sem eget, condimentum sem.

0 coment rios:

Hi friends