शहजादपुर सब-तहसील में 18 दिन बाद शुक्रवार रात 11 बजे तक 20 रजिस्ट्रियां की गई। यहां करीब डेढ़ महीने से मुलाना के नायब तहसीलदार एडिशनल चार्ज पर हैं। वहीं बीमारी के कारण रजिस्ट्री क्लर्क छुट्टी पर हैं।
शहजादपुर सब-तहसील में कभी नए सॉफ्टवेयर में खराबी तो कभी सर्वर डाउन है। कभी तहसीलदार नहीं है तो कभी क्लर्क छुट्टी पर है।
जनता रजिस्ट्रियां व अन्य दस्तावेजों के पंजीकरण के लिए पिछले डेढ़ महीने से परेशान है। शुक्रवार सुबह 9 बजे से लोग रजिस्ट्रियां करवाने के लिए तहसील में बैठे थे। बताया जाता है कि कंप्यूटर में पासवर्ड डाउनलोड नहीं हो रहा था। इसके लिए डीईओ कार्यालय से कर्मचारी को बुलाया गया। जिसके बाद 5 बजे सिस्टम ने काम करना शुरू किया।
मुलाना के रजिस्ट्री क्लर्क की शाम पांच बजे के बाद स्पेशल ड्यूटी लगाई गई। उसके बाद रात तक रजिस्ट्रियां की गई हैं। सब-तहसील में प्रशासनिक कार्यों को देखते हुए मंगलवार और शुक्रवार का दिन रजिस्ट्री के लिए तय किया गया है। अन्य दिनों में कोर्ट केस, गिरदावरी व इंतकाल सहित जनता के कई काम नायब तहसीलदार को करने पड़ते हैं। अगस्त के अंतिम सप्ताह में यहां के नायब तहसीलदार का तबादला हो गया था। हालांकि मुलाना के नायब तहसीलदार को एडिशनल चार्ज दिया गया है, लेकिन जनता के काम नहीं हो पा रहे हैं।
नारायणगढ़ को 18 दिन बाद मिला तहसीलदार
18 सितंबर को नारायणगढ़ के तहसीलदार दिनेश कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया था। जिसके बाद से यहां तहसीलदार का पद खाली था। क्योंकि पिछले एक साल से नायब तहसीलदार का पद भी खाली है। शुक्रवार को यहां नायब तहसीलदार सुरेश कुमार को लगाया गया है।
शहजादपुर तहसील में रात के समय रजिस्ट्रियां किए जाने की जानकारी नहीं है। यदि रात को रजिस्ट्रियां की गई हैं तो तहसीलदार से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। -डॉ. वैशाली शर्मा, एसडीएम, नारायणगढ़
0 coment rios:
Hi friends