राजबाड़ा से लेकर इमामबाड़ा, विजय चाट, सराफा, छोटा सराफा, सराफा थाने तक और फिर बजाज खाना की पार्किंग तक सराफा का स्वरूप 56 दुकान की तरह बदलने के प्रोजेक्ट की शुरुआत 16 जून से होगी। कोरोना संक्रमण के चलते अभी निगम सिर्फ 9 मीटर चौड़ी सड़क बनाने और यूटिलिटी शिफ्टिंग का काम शुरू कर रहा है।
निगमायुक्त प्रतिभा पाल ने शनिवार को स्मार्ट सिटी के सीईओ संदीप सोनी के साथ विजय चाट से सराफा थाने तक सड़क का मुआयना किया। सीईओ ने बताया 56 दुकान की तर्ज पर राजबाड़ा से लेकर सराफा थाना, छोटा सराफा और बजाजखाना चौक तक सड़क बनाने का खर्च 15 करोड़ के लगभग आना है। यहां की दुकानों की बाहरी डिजाइन एक जैसी करने के लिए 24 करोड़ के लगभग खर्च अनुमानित है।
लॉकडाउन के कारण सड़क का निर्माण
लॉकडाउन के पहले सराफा में दिन में ज्लेवरी शॉप चलती थीं और रात में उन्हीं के ओटलों पर व्यंजन की दुकानें लग जाती हैं। नए पैटर्न में दुकानों के ओटलों पर कोई दुकान नहीं लगेगी क्योंकि ओटले ही हट जाएंगे। सड़क चौड़ी होने के बाद वहां चौपाटी के दुकानदारों को एक जैसे पैटर्न के काउंटर दिए जाएंगे। लॉकडाउन के कारण पहले चरण में सिर्फ सड़क बनाने का काम मंगलवार से शुरू किया जाना है। इसके लिए सोमवार को सराफा व्यापारियों के साथ बैठक होगी।
संकट में अब एप करेगा मदद, लोकेशन ट्रेस करते हुए पुलिस पहुंचेगी मौके पर
गुमशुदगी और वाहन चोरी तथा सामान्य शिकायत अब एमपी ईकॉप एप से हो सकेगी। दस्तावेज भी संलग्न कर सकेंगे। इस एप के जरिये विपरीत परिस्थिति में फंसी महिलाएं भी डायल-100 सहित पांच स्थानों पर मदद के लिए अपना संदेश भेज सकेंगी। इस एप के जरिए गुमशुदा की तलाश, चोरी गए वाहनों की शिकायत के अलावा चरित्र सत्यापन और किरायेदारों की जानकारी भी दी जा सकेगी।
एसपी गौरव तिवारी ने बताया गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध यह एप पुलिस के पोर्टल सीसीटीएनएस से लिंक है। इस एप को डाउनलोड कर एसओएस ऑप्शन में 100 नंबर के अलावा चार मोबाइल नंबर सेव कर सकते हैं। आपात स्थिति में इस ऑप्शन को टच करते ही डायल-100 सहित पांचों नंबर पर एसएमएस चला जाएगा। संबंधित से लोकेशन की जानकारी लेकर पुलिस मदद के लिए पहुंच जाएगी। रात या दिन में आने-जाने के लिए सार्वजनिक वाहन का उपयोग करने वाली महिला पथिक ऑप्शन में वाहन का नंबर और कहां से कहां जाना है यह जानकारी पुलिस को दे सकती हैं। रास्ते में आपात स्थिति निर्मित होने की एसओएस से जानकारी मिलने पर वाहन को पकड़ा जा सकेगा।
ये सुविधाएं हैं एमपी-ई कॉप में
मोबाइल फोन, सिम, दस्तावेज, मोटरसाइकिल गुम होने पर सूचना दे सकते हैं।
चरित्र सत्यापन प्रमाणपत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
किरायेदार और घरेलू नौकरों की जानकारी दे सकते हैं।
गुम हुए और जब्त वाहनों की जानकारी देख सकते हैं।
गुमशुदा व्यक्ति की जानकारी देख सकते हैं।
संदिग्ध घटना या गतिविधि की जानकारी गोपनीय तरीके से बिना पहचान बताए दी जा सकती है।
पुलिस अधिकारियों से संपर्क करने के लिए उनके नंबर देख सकते हैं।
0 coment rios:
Hi friends