लॉकडाउन 4.0 लगने के बाद जिला प्रशासन ने मंगलवार से पूरा बाजार खोलने की मंजूरी दे दी। पहले ही दिन पूरा बाजार खुलने से भीड़ ज्यादा बढ़ गई। सड़कों पर राहगीरों सहित वाहनों की भीड़ लगी रही। वहीं लॉकडाउन और धारा 144 का खुले आम उल्लंघन भी होता रहा।
दुकानों पर टूटते दिखाई दिए नियम :
प्रशासन ने दुकानदारों के लिए सख्त नियम लागू किए हुए हैं। इनमें सोशल डिस्टेंस के लिए मार्किंग, दुकान पर एक साथ 5 उपभोक्ताओं से ज्यादा नहीं होने चाहिए, सभी दुकानों पर सेनिटाइजर होने के साथ मास्क का प्रयाेग आवश्यक है। लेकिन दुकानों पर सोशल डिस्टेंस की जगह 8 से 10 लोग एकत्रित हाेकर खरीददारी कर रहे थे। इस दौरान दुकानदारों के पास सेनिटाइजर तक नहीं था।
पूरा बाजार खुलने के कारण सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक रही भीड़
पूरा बाजार खुलने के कारण सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक भारी भीड़ रही। क्योंकि लोगों को एक ही दिन अपनी जरूरत की सभी चीजें मिल रही थी। ऐसे में अफरा तफरी का माहौल बना रहा। लोग अपने वाहनों को सड़कों पर ही खड़ा कर खरीददारी कर रहे थे। जिससे पूरे दिन बाजार की सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रही।
अब तक 25 जोन को तीन-तीन दिन दुकानें खोलने की थी मंजूरी
लॉकडाउन में सोशल डिस्टेंस बनाए रखने के लिए बाजार को 25 जाेन में बांटा हुआ था। इनमें से 12 दुकाने तीन दिन और 13 दुकाने अलग तीन दिन खोलने की मंजूरी थी। ऐसे में लोगों को एक दिन बाजार में आने से जरूरत का पूरा सामान नहीं मिल पाता था। इसलिए लोग एक ही बार बाजार आकर अपनी जरूरत का सामान ले जाए इसलिए पूरा बाजार खोल दिया गया है। मंगलवार को बाजार में खरीददारों की भीड़ ज्यादा रही।
मुनादी कर करवाया नियमों का पालन : डीएसपी
डीएसपी शमशेर सिंह दहिया ने कहा कि पूरा बाजार खुलने के कारण मंगलवार को भीड़ ज्यादा थी। पुलिस ने लगातार बाजार में राइडर और पीसीआर से गश्त की है। बाजार में मुनादी करते हुए सोशल डिस्टेंस का पालन करने की हिदायत भी दी है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई भी की जा रही है।
0 coment rios:
Hi friends