- आरोप : रात 10 बजे रसोमा चौराहे के आई बस स्टॉप पर गार्ड व दो युवक पी रहे थे शराब
रसोमा चौराहे पर आई बस स्टॉप पर गुरुवार रात 10 बजे तीन लोग शराबखोरी कर रहे थे। इस बीच कार खराब होने के कारण महिला डॉक्टर अपनी बहन के साथ घर जाने के लिए स्टॉप पर पहुंचीं। वहां टिकट विंडो पर कोई नहीं था। उन्होंने अंदर देखा तो दो युवक शराब पी रहे थे।
डॉक्टर दोनों का वीडियो बनाने लगीं तो गार्ड और युवक अभद्रता करने लगे। डॉक्टर की बहन को धक्का दे दिया। शोर मचाया तो गार्ड और एक युवक भाग गया। बहनों ने एक युवक को पुलिस को सौंपा है। शिकायत के बाद भी विजय नगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज नहीं किया। शनिवार को डॉक्टर ने सांसद कार्यालय में जाकर शिकायत की।
दो दिन बाद भी कार्रवाई नहीं हुई
डॉक्टर के मुताबिक, मैंने गार्ड से टिकट बनाने को कहा। गार्ड ने कहा- तुम अंदर आ जाओ। मैंने कहा- आने के लिए टिकट स्कैन करना होगा, तभी गार्ड बदतमीजी से बोला- तुम आओ तो सही, मैं लेकर आ रहा हूं तुम्हें। तुम मेरे साथ चलो। ऐसा कहते हुए गार्ड हमारे पास आ गया। अभद्रता हुई तो हमने प्रदीप तंवर नाम के एक युवक को पकड़ लिया। उसने अपने साथी का नाम पवन बताया।
दो दिन बाद जब कार्रवाई नहीं हुई तो शनिवार को सांसद कार्यालय में जानकारी दी है। इस संबंध में विजय नगर टीआई तहजीब काजी ने कहा महिला कोर्ट न जाने के कारण रिपोर्ट नहीं लिखा रही थी। इसलिए हमने आरोपी पर 151 की धारा में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर दी थी। वहीं एआईसीटीएसएल के सीईओ संदीप सोनी का कहना है 24 घंटे 80 कैमरों से निगरानी होती है। रात 11 बजे तक टिकटिंग होती है। जांच में गार्ड और उसके साथियों की गलती मिली तो उनके अलावा वॉचिंग करने वाली टीम पर भी कार्रवाई होगी।

0 coment rios:
Hi friends