सोमवार, 22 मार्च 2021

कोरोना बेलगाम:फिर 1322 केस, रफ्तार ऐसी रही तो 15 अप्रैल तक 3 लाख पार होंगे


  • प्रदेश में बिगड़ रहे हालात, भोपाल में 349 तो इंदौर में 356 नए केस

भोपाल, इंदौर, जबलपुर में संडे लॉकडाउन के बावजूद प्रदेश में कोरोना की रफ्तार तेज बनी हुई है। रविवार को 1322 नए संक्रमित मिले। तीन मरीजों की मौत हुई। लगातार दूसरे दिन 1300 से ज्यादा केस आए हैं। वहीं भोपाल में 349, जबकि इंदौर में 356 कोरोना मरीज मिले। प्रदेश में अब एक्टिव केस 8 हजार से ज्यादा हो गए हैं और संक्रमण दर 5.7 फीसदी है। यदि नए मामलों की रफ्तार ऐसी ही रही तो 15 अप्रैल तक कुल संक्रमितों का आंकड़ा 3 लाख के पास पहुंच जाएगा। अभी 275727 संक्रमित हैं।

दो शहरों में 52% एक्टिव केस

एक तरफ भोपाल-इंदौर, दूसरी तरफ पूरा प्रदेश
प्रदेश में हर दिन मिल रहे नए मामलों में 52% केस भोपाल-इंदौर के हैं। दोनों जगह रविवार को 750 संक्रमित मिले। प्रदेश के 8 हजार एक्टिव केस में से 4 हजार से ज्यादा इन्हीं दो शहरों के हैं। भोपाल में 2069 तो इंदौर 2090 एक्टिव केस हैं यानी ये दोनों शहर एक तरफ हैं और अन्य 50 जिले एक तरफ।

कहां ज्यादा, कहां सबसे कम
शहर एक्टिव केस

जबलपुर 552
उज्जैन 297
रतलाम 263
ग्वालियर 277
भिंड 3
छतरपुर 5
अशोकनगर 8

बीते 6 दिन से सभी 52 जिलों में संक्रमित मिल रहे हैं। आगर-मालवा में अभी 9, तो निवाड़ी में 10 एक्टिव केस हैं।

ताली, थाली, दीया के बाद अब सायरन..

सरकार कल से दो बार सायरन बजाएगी, दो मिनट रुकेंगे लोग

सुबह 11 और शाम 7 बजे बजेगा

कोरोना संक्रमण रोकने और बचाव के लिए राज्य सरकार 23 मार्च से रोजाना दो बार पूरे प्रदेश में सायरन बजाएगी। इस दौरान दो मिनट के लिए जो जहां होगा, वहीं रुक जाएगा। कोरोना समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने बताया कि सायरन सुबह 11 बजे और शाम 7 बजे बजेगा। इसमें जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, एनसीसी व एनएसएस कैडेट्स लोगों को मास्क लगवाएंगे और कोरोना से बचाव का संकल्प दिलाएंगे। वे दुकानों के सामने सोशल डिस्टेंसिंग के गोले भी बनवाएंगे।

होली इस बार घर पर मनाएं

सीएम ने कहा कि लोग होली, शब-ए-बारात आदि घर पर मनाएं। चल समारोह नहीं होंगे। कहीं भी भीड़ की अनुमति नहीं है। मेले प्रतिबंधित हैं। जहां कम केस हैं, वहां सामाजिक गतिविधियां कर सकेंगे।

मैंने मास्क नहीं लगाया

  • प्रधानमंत्री की लोग बात नहीं मान रहे हैं। मैं भी नहीं मान रही हूं। (हंसते हुए) मैंने भी मास्क नहीं लगाया है। - उमा भारती (रायसेन के सांचेत में एक कार्यक्रम में)

SHARE THIS

Author:

Etiam at libero iaculis, mollis justo non, blandit augue. Vestibulum sit amet sodales est, a lacinia ex. Suspendisse vel enim sagittis, volutpat sem eget, condimentum sem.

0 coment rios:

Hi friends