मीरा नगर में एक नवविवाहिता ने फांसी लगा ली। सात दिन पहले ही उसका निकाह हुआ था। वहीं, बागसेवनिया और शाहपुरा में भी शराब के नशे में पीएचई कर्मचारी और युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।
1. पति से बोलकर गई थी- मां की याद आ रही है
मीरा नगर निवासी शुमायला बी (19) का हफ्तेभर पहले ही प्रियदर्शनी नगर निवासी रफीक खान से निकाह हुआ था। टीआई राकेश श्रीवास्तव के मुताबिक रफीक ड्राइवर हैं। शुमायला ने पति से कहा था कि मां की याद आ रही है, इसलिए वह मायके जा रही है। शुक्रवार सुबह मां और भाई अपने-अपने काम पर चले गए। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे मां घर लौटी तो शुमायला फंदे पर लटकी मिली। मौके पर पहुंची हबीबगंज पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
2. पड़ोस के निर्माणाधीन मकान में मिला शव
अमराई, बागसेवनिया निवासी 50 वर्षीय भवानी दीन राठी पीएचई विभाग में वाटर सप्लायर थे। टीआई संजीव चौकसे के मुताबिक तीनों बेटियों की शादी के बाद भवानी अपनी पत्नी के साथ यहां रहते थे। शराब पीने के आदी भवानी गुरुवार को भी नशे में धुत होकर घर लौटे। खाने के बाद वह सोने चले गए। शुक्रवार सुबह उनका शव पड़ोस के एक निर्माणाधीन मकान में मिला। बागसेवनिया पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
3. पत्नी तीन साल से मायके में, पति फंदे पर झूला
ज्योति बाला स्कूल के पीछे रहने वाले 28 वर्षीय विजय सिंह मीना मजदूरी करते थे। टीआई चंद्रभान पटेल ने बताया कि शराब के आदी विजय की पत्नी करीब तीन साल से मायके में रह रही है। शुक्रवार को भाई विनोद, विजय के घर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद था। दस्तक के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो वह किसी तरह अंदर दाखिल हुआ। देखा कि विजय ने फांसी लगा ली थी। मौके पर पहुंची शाहपुरा पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
0 coment rios:
Hi friends