सोमवार, 19 अक्टूबर 2020

एकांत पार्क में चोरी छिपे हो रही है पेड़ों की कटाई; चार इमली क्षेत्र स्थित पार्क में सैर पर जाने वाले लोगों की शिकायत

एकांत पार्क में चोरी छिपे हो रही है पेड़ों की कटाई; चार इमली क्षेत्र स्थित पार्क में सैर पर जाने वाले लोगों की शिकायत

चार इमली क्षेत्र में स्थित सिटी फॉरेस्ट एकांत पार्क में चोरी-छिपे पेड़ों की कटाई हो रही है। यहां नियमित सैर पर जाने वाले लोगों ने यह शिकायत की है। उनके अनुसार कुछ लोग पार्क बंद होने के बाद कुल्हाड़ी से पेड़ को काटते हैं। यह काम कई दिन तक धीरे-धीरे होता है। पेड़ के पूरा कटने पर अगले दिन लकड़ी गायब हो जाती है, यानी यह लकड़ी बेची जा रही है। सुबह और शाम की सैर के लिए यह लोगों का पसंदीदा पार्क है। लगभग 84 एकड़ में फैले इस पार्क में लगभग 2000 पेड़ हैं। अरेरा कॉलोनी, चार इमली, शाहपुरा और चूना भट्टी के अलावा दूर-दूर से लोग सैर करने यहां आते हैं।

पिछले साल जून में चंदन के 3 पेड़ कटे, कर्मचारियों ने सबूत मिटाए
पिछले साल जून में यहां सुबह की सैर पर जाने वाले लोगों ने चंदन के तीन पेड़ काटने की शिकायत वहां मौजूद स्टाफ से की। शाम को यह लोग जब दोबारा वहां पहुंचे तो इन पेड़ों के ठूंठ भी गायब कर दिए गए।

हम रोज शिकायत कर रहे हैं
यहां रोज सैर पर जा रहे लोगों ने एकांत मित्र मंडल का गठन किया है। मंडल के विजय खंडेलवाल, डॉ. एसपी सिंह, अवधेश अग्रवाल, महेश अग्रवाल आदि ने कहा कि वे कई दिनों से इसे देख रहे हैं और पार्क में कार्यरत अमले को रोजाना शिकायत कर रहे हैं। अब ऐसा लग रहा है कि यहां के स्टाफ की मिलीभगत के बिना यह संभव नहीं है। पार्क में जगह-जगह कचरे के ढेर भी लगे हैं।

पूरे शहर में जारी है पेड़ों की अवैध कटाई
नगर निगम के आंकड़े बताते हैं कि पूरे शहर में अवैध पेड़ कटाई जारी है। निगम के अमले ने जुलाई में सबसे ज्यादा 48 लोगों पर पेड़ कटाई का चालान किया। सितंबर में 24 और अगस्त में 32 लोगों के खिलाफ अवैध पेड़ कटाई का मामला बना। अरेरा कॉलोनी, अशोका गार्डन, अशोक विहार, इतवारा, गांधी नगर वह इलाके हैं, जहां सबसे ज्यादा पेड़ कटाई के चालान हुए। नगर निगम ने इस अवधि में लगभग 42 हजार रुपए फाइन वसूला।




कुल्हाड़ी के निशान- पार्क बंद होने के बाद इस काम को अंजाम दिया जाता है




SHARE THIS

Author:

Etiam at libero iaculis, mollis justo non, blandit augue. Vestibulum sit amet sodales est, a lacinia ex. Suspendisse vel enim sagittis, volutpat sem eget, condimentum sem.

0 coment rios:

Hi friends