डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय के सत्र 2020-21 के लिए प्रवेश परीक्षा 13 से 17 अक्टूबर तक होगी। पहले जहां 24 शहरों में प्रवेश परीक्षा होनी थी, वहीं अब सिर्फ 16 शहरों में प्रवेश परीक्षा होगी। 8 परीक्षा केंद्रों पर 50 से कम आवेदन आने के कारण उन केंद्रों के परीक्षार्थी अब अन्य नजदीकी परीक्षा केंद्रों पर पेपर देंगे। इसके साथ ही पीजी के 9 पाठ्यक्रमों में स्वीकृत सीटों की संख्या से कम फॉर्म आने के कारण इन विषयों के लिए आवेदन करने वाले सभी विद्यार्थियों को सीधे ही दाखिला दिया जाएगा। यानी इन 9 पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश परीक्षा नहीं होगी। यह पहली बार है जब स्वीकृत सीट संख्या से कम फॉर्म आने पर किसी पाठ्यक्रम के लिए प्रवेश परीक्षा न कराई जा रही हो।
जानकारी के मुताबिक स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी में दाखिले के लिए करीब 20 हजार 570 आवेदन आए हैं। 13 से 17 अक्टूबर तक 9 शिफ्ट में परीक्षा होगी। सागर में डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय परिसर के अलावा स्वामी विवेकानंद विश्वविद्यालय, ज्ञान सागर कॉलेज और डीपीएस मकरोनिया को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है। एडमिशन सेल के चेयरमैन प्रो. एपी मिश्रा ने बताया कि विद्यार्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट से अपने प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। इसमें उनकी परीक्षा का समय और परीक्षा केंद्र की जानकारी आदि अंकित है। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वह एडमिशन सेल के लैंडलाइन नंबर सहित ईमेल के माध्यम से भी संपर्क कर सकते हैं। विद्यार्थियों की समस्याओं का त्वरित निराकरण होगा। प्रवेश परीक्षा कोविड-19 की रोकथाम के लिए शासन द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार ही होगी।
सभी दस्तावेज विद्यार्थियों के पास होना जरूरी
स्नातकोत्तर के 9 पाठ्यक्रमों में स्वीकृत सीट संख्या से कम फॉर्म आए हैं, लिहाजा दस्तावेजों के सत्यापन के आधार पर ही प्रत्येक पात्र विद्यार्थी को काउंसिलिंग के समय सीधे ही एडमिशन दिया जाएगा। जानकारी के मुताबिक मानव विज्ञान, शिक्षा शास्त्र (एमएड), लिंग्विस्टिक्स, दर्शनशास्त्र, रूरल डेवलपमेंट, संस्कृत, उर्दू, परफॉर्मिंग आर्ट्स एमए सोशल वर्क ऐसे पाठ्यक्रम हैं जिनमें सीट संख्या से कम आवेदन आए हैं। लिहाजा इनकी प्रवेश परीक्षा नहीं होगी। हालांकि पीजी में पाठ्यक्रम के लिए जरूरी सभी योग्यता के दस्तावेज उनके पास होना जरूरी होगा। जो योग्यता नहीं रखेंगे उन्हें एडमिशन नहीं मिल सकेगा।
इन शहरों में होगी परीक्षा प्रयागराज (इलाहाबाद), भोपाल, भुवनेश्वर, बिलासपुर, छतरपुर, दमोह, इंदौर, जबलपुर, झांसी, कोलकाता, नागपुर, नई दिल्ली, रांची, रीवा, टीकमगढ़ और सागर शहर में प्रवेश-परीक्षा होगी।
0 coment rios:
Hi friends