सांसद स्व. नंदकुमार सिंह चौहान का अस्थि कलश पर शनिवार शहर में आया। यहां जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। यात्रा के दौरान एक मार्मिक दृश्य ने लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षिक किया। सांसद चौहान के अस्थि कलश को एक व्यक्ति पूरी शिद्दत से सुरक्षा दे रहा था। यह कोई और नहीं बल्कि सांसद चौहान को पिछले 13 साल से सुरक्षा देने वाले सुरक्षाकर्मी अरुणसिंह भदौरिया थे। एसएएफ 15वीं बटालियन इंदौर के जवान भदौरिया के साथ उनकी ही बटालियन के दूसरे जवान रामनाथसिंह तोमर अस्थि कलश वाहन के पीछे-पीछे चल रहे थे।
दोनों ही जवान पूरी तरह से कलश को सुरक्षा में लेकर आगे बढ़ रहे थे। सांसद के साथ परछाई की तरह दिन रात रहने वाले जवान उनकी अस्थि को भी उसी भाव से साथ लेकर ओंकारेश्वर पहुंचे। सुरक्षाकर्मी भदौरिया सांसद चौहान को याद करते हुए रुआंसे हो गए। उन्होंने कहा साहब ने कभी हमलोगों को कर्मचारी नहीं माना। वे एक पिता की तरह ही हमें रखते थे। हमारे पारिवारिक कार्यों में भी गांव तक जाते थे। बीमार होने से डेढ़ महीने पहले ही साहब गांव आए थे। हमारे घर के बच्चों तक को वे नाम से पहचानते थे।

0 coment rios:
Hi friends