शनिवार, 20 मार्च 2021

मिस्टर एंड मिसेज 420:घर से मिला 1 किलो सोना, डेढ़ किलो चांदी, नकली नोटों से खरीदी कर लिए बिल जब्त


  • 9 लाख रुपए गंवाए तो 12 लाख के नकली नोट लेकर पहुंचा था भुज,कहीं आप भी तो शिकार नहीं : 
  • पुलिस बोली- नकली नोट मिलें तो आकर बताएं, आयकर विभाग भी करेगा जांच

कसारा बाजार के ठग दंपती की हाई-फाई लाइफ थी। पानी पतासे की दुकान पर भी 500 रुपए का नोट निकालते थे। पिछले करीब एक साल से रोजाना महालक्ष्मी मंदिर जाने का नियम बना रखा था। पुलिस ने घर की तलाशी ली तो दो हजार के 14 और पांच सौ रुपए के 10 कुल 33 हजार रुपए कीमत के नकली नोट तथा 920 ग्राम सोना और डेढ़ किलो चांदी भी जब्त हुई है। अब पुलिस के साथ इनकम टैक्स विभाग भी जांच करेगा।

एसपी गौरव तिवारी ने बताया घर से खरीदी के बिल जब्त किए हैं। इसमें नकली नोट खपने का अंदेशा है। उधर पुलिस रिमांड में हुई पूछताछ में राहुल ने भुज पुलिस को बताया कि सितंबर-2020 में सोना खरीदने के लिए 9 लाख रुपए दिए थे परंतु सोना नहीं मिला। यह घाटा कवर करने वह 12 लाख के नकली नोट लेकर पत्नी मेघा के साथ भुज पहुंचा था। दंपती ने नकली नोट देकर बाजार से कपड़े, लेडीज चप्पल और अन्य सामान खरीदा। व्यापारियों की सूचना पर दोनों पकड़ में आए।

20 लाख का सौदा कर ठगना चाहता था राहुल
भुज थाना प्रभारी एआर झाला ने बताया कि रिमांड में हुई पूछताछ में राहुल ने बताया वह चौथी बार भुज आया है। पति-पत्नी एक साथ पहली बार आए थे। सितंबर-2020 में भुज के संयोग नगर के पास गांधी नगर में किसी व्यक्ति से 30 हजार रुपए तोला के भाव से सोना खरीदने का सौदा हुआ था। खरीदने के लिए 9 लाख रुपए दे दिए परंतु सोना नहीं मिला। आरोपियों से फोन पर लगातार बात हो रही थी। पूर्व में दिए 9 लाख रुपयों सहित 20 लाख रुपए का सोना खरीदने की बात हुई। 11 लाख रुपए और देकर सोना लेना था। घाटा कवर करने के लिए 12 लाख के नकली नोट लेकर पिछले शुक्रवार को पहुंचा। एक बार बातचीत के बाद आरोपियों ने फोन बंद कर लिए।

महालक्ष्मी दर्शन करने रोज जाते थे- रतलाम के सुधासात कसेरा समाज के अध्यक्ष रह चुके गोपाल कसेरा के बेटे राहुल और बहू मेघा के गिरफ्तार होने के बाद रिश्तेदार भी मुंह मोड़ने लगे हैं। दंपती महालक्ष्मी दर्शन करने रोज जाते थे। पार्षद विजय कसेरा ने रिश्तेदार बताने का विरोध किया। उन्होंने कहा पिताजी से उनका रिश्ता हो सकता है, हमारा कोई संबंध नहीं है। पिता गोपाल कसेरा सुधासात कसेरा समाज के अध्यक्ष रह चुके हैं। वे मनासा के पास पड़दा के रहने वाले हैं। बर्तन का पैतृक व्यवसाय है। राहुल के पास रुपयों की कोई कमी नहीं थी। राहुल का ससुराल भीलवाड़ा में है। ससुराल वालों का फोर व्हीलर के रेडिएटर बनाने का करोड़ों का व्यवसाय है।

प्रोडक्शन वारंट पर रतलाम लाएंगे- एसपी गौरव तिवारी ने बताया कि आरोपी राहुल के कसारा बाजार स्थित मकान और संत नगर स्थित गोदाम की तलाशी ली। गोदाम में कुछ नहीं मिला परंतु आसपास के लोगों ने बताया कि कई बार बाहर से ताला लगवाकर राहुल गोदाम में अंदर काम करता था। नकली नोट जब्त होने पर रतलाम में भी प्रकरण दर्ज किया है। राहुल के घर से शुक्रवार को 33 हजार के नकली नोट, 920 ग्राम सोना और 1,500 ग्राम चांदी जब्त हुई है। इसके अलावा नकली नोट बनाने के उपकरण गुरुवार रात को जब्त किए थे। लैपटॉप के साथ मिली पेनड्राइव में नोट छापने के लिए बगैर नंबर वाली 500 और 2000 के नोटों की साॅफ्ट कॉपी मिली है। प्राेडक्शन वारंट पर इन्हें रतलाम लाएंगे।

इन बातों की जानकारी निकालेंगे
एसपी ने बताया परिवार के लोगों ने जानकारी होने से इनकार किया है। यदि शामिल होते तो सामग्री घर से गायब हो सकती थी। प्रोडक्शन वारंट पर रतलाम लाकर पूछताछ की जाएगी।

  • भुज के अलावा और कहां नकली नोट चलाए हैं। कितनों को दिए?
  • कोई और व्यक्ति या परिवार का कोई सदस्य शामिल है?
  • मकान में मिले बिल आदि जब्त किए हैं। विक्रेताओं से जानकारी लेंगे कि खरीदारी में असली नोट मिले या नकली।
  • राहुल के मकान और गोदाम की तलाशी एक बार और लेंगे।
  • प्रिंटर से नोट छापने के मामले में झालावाड़ पुलिस ने जावरा और ताल में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनसे भी पूछताछ होगी।

एसपी बोले-अभी तक नकली नोट के दो मामले सामने आए
एसपी गौरव तिवारी ने बताया जिले में नकली नोट के दो मामले सामने आए हैं। इस तरह के और भी मामले हो सकते हैं। किसी को नकली नोट मिला हो तो पुलिस को जानकारी दे सकता है।

Bihar

Bollywoodnews


SHARE THIS

Author:

Etiam at libero iaculis, mollis justo non, blandit augue. Vestibulum sit amet sodales est, a lacinia ex. Suspendisse vel enim sagittis, volutpat sem eget, condimentum sem.

0 coment rios:

Hi friends