अब तक एमबीबीएस के चार छात्र हो चुके हैं संक्रमित
कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। शनिवार शाम तक चार नए मरीज मिले। इसके साथ ही जिले में मरीजों की संख्या 2591 हो गई। शनिवार 140 एक्टिव केस रहे। इनमें से 40 जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड, 95 होम आइसोलेशन एवं 5 इंदौर में भर्ती थे। शहर में कोरोना का नया हॉट-स्पॉट मेडिकल कॉलेज बनकर उभर रहा है। शनिवार एमबीबीएस कोर्स के दो विद्यार्थी पॉजिटिव मिले। इसके साथ कैंपस में रहने वाले चार छात्र अबतक संक्रमित हो चुके हैं। संक्रमित विद्यार्थियों को इलाज के लिए जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया है।
एमबीबीएस सेकंड ईयर के विद्यार्थियों की संक्रमण के दौरान परीक्षाएं चल रही हैं। जबकि सेकंड ईयर के ही चार विद्यार्थी पॉजिटिव आ चुके हैं। कॉलेज डीन डॉ.अनंत पवार ने बताया कॉलेज के 4 छात्र कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया है। इधर, 2019 बैच के विद्यार्थियों की परीक्षाएं हो चुकी हैं। विद्यार्थियों को घर जाने के लिए अनुमति दे रहे हैं। छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन पढ़ाई कराई जाएगी।
बुरहानपुर से लाए संक्रमित का शव आइसोलेशन वार्ड के नीचे छोड़कर भागा एंबुलेंस चालक
एपल हॉस्पिटल बुरहानपुर से संक्रमित मरीज को मृत अवस्था में लाकर एंबुलेंस चालक खंडवा जिला अस्पताल में छोड़ गया। कोरोना मरीजों के लिए बने आइसोलेशन वार्ड के नीचे मरीज आने की सूचना पर डॉ.रंजीत बड़ोेले देखने आए। जिला महामारी विशेषज्ञ डॉ.योगेश शर्मा ने बताया 65 साल आयु के श्याम जांगड़े को बुरहानपुर से एंबुलेंस से लेकर आए थे। मरीज कोरोना पॉजिटिव था लेकिन उसकी मौत पहले ही हो चुकी थी। परिजन को कागजी कार्रवाई के बाद शव को सौंप दिया गया।
समस्या : केंद्र पर वैक्सीन खत्म, लौटे लोग
शनिवार जिला अस्पताल सहित सामुदायिक और उप-स्वास्थ्य केंद्रों पर कोरोना का टीका लगाया। अस्पताल के बी-ब्लॉक में बने टीकाकरण केंद्र क्रमांक-3 पर शाम 4.30 बजे वैक्सीन खत्म हो गई। केंद्र से 4 मरीजों को सोमवार आने की बात कहकर लौटा दिया। केंद्र क्रमांक-1 पर शाम चार बजे ही वैक्सीन खत्म हो गई। स्टाफ ने केंद्र एक पर आने वाले लाेगाें को केंद्र क्रमांक तीन पर भेजा लेकिन वहां भी उन्हें निराशा ही हाथ लगी।

0 coment rios:
Hi friends