- राज्यपाल ने कहा-देश में सबसे पहले आत्मनिर्भर मप्र का रोडमैप तैयार किया गया
कोरोना महामारी में आई मंदी के बावजूद सरकार ने जनहितैषी योजनाओं के लिए धनराशि की कमी नहीं होने दी। सुशासन, शिक्षा व स्वास्थ्य और अर्थ व्यवस्था व रोजगार के रोडमैप के आधार पर मप्र आत्मनिर्भर बनने की दिशा में अग्रसर है। यह बात राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विधानसभा में अपने अभिभाषण में कही।
पटेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व से बात शुरू की और पूरे भाषण के दौरान 11 बार पीएम का जिक्र किया। उन्होंने राज्य के साथ केंद्र की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए सरकार की आगामी योजनाओं के बारे मे बताया। कोरोना के बारे में चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि जब 11 महीने पहले सरकार ने काम संभाला, उस समय महामारी तेजी से पैर पसार रही थी और प्रदेश की वित्तीय स्थिति भी ठीक नहीं थी।
सरकार ने दो मोर्चों पर एक साथ काम शुरू किया। कोरोना संक्रमण पर प्रभावी रोकथाम की गई और आम आदमी की आजीविका की सुरक्षा का प्रबंध किया। कोरोना प्रभावित के स्वास्थ्य के लिए पर्याप्त प्रबंध किए गए। अस्पतालों में बेड की संख्या बढ़ाई और अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। आत्मनिर्भर भारत के परिप्रेक्ष्य में उन्होंने कहा कि देश में सबसे पहले मेरी सरकार ने आत्मनिर्भर मप्र का रोडमैप तैयार किया।
कमलनाथ बोले-राज्यपाल ने इतनी बार पीएम का जिक्र किया कि मैं समझा लोकसभा में हूं
भोपाल| नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ ने कहा कि राज्यपाल ने सदन में इतनी बार प्रधानमंत्री का जिक्र किया कि मैं तो समझा कि मैं लोकसभा में हूं। नाथ विधानसभा परिसर में मीडिया से चर्चा कर रहे थे। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण में 10 से ज्यादा बार प्रधानमंत्री का उल्लेख था। नाथ ने कहा कि मुझे तो राज्यपाल पर दया आती है कि उन्होंने ऐसा भाषण पढ़ा जो मीडिया के लिए है, प्रदेश के लिए नहीं। भाषण में गिनते रहिए कितनी चीजें प्रस्तावित हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 15 साल में 15 हजार घोषणाएं की थी, उनका कोई नामोनिशान नहीं है। यह तो प्रदेश की जनता को गुमराह करने का काम है। किसानों की क्या स्थिति है? बेरोजगारों की क्या स्थिति है? महिलाओं पर अत्याचार क्यों हो रहे हैं? इन मुद्दों पर तो बात ही नहीं की।
मिश्रा से साधौ बोलीं- आप हमें चमका रहे हैं
विधानसभा अध्यक्ष के आसंदी पर आसीन होने के बाद संसदीय कार्यमंत्री नरोत्तम मिश्रा अध्यक्ष की शक्तियों का जिक्र कर रहे थे। उन्होंने स्पीकर को विधायक की विधायकी शून्य करने की शक्ति होने की बात कर रहे थे, तब कांग्रेस की वरिष्ठ विधायक विजय लक्ष्मी साधौ ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि आप तो विधायकों को चमका रहे हो। इस दौरान सहज भाव में नरोत्तम बोले-आपको कौन चमका सकता है।
और इधर..विधानसभा के स्पीकर बने गिरीश गौतम
वरिष्ठ विधायक गिरीश गौतम ने सोमवार को निर्विरोध तरीके से अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद अपना कार्यभार संभाल लिया। विधानसभा में बजट सत्र शुरू होने से पहले अध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी की गई और गौतम को विधिवत तरीके से अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। उन्होंने इस दौरान ईश्वर, उनके माता-पिता और क्षेत्र की जनता का स्मरण करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। गौतम ने रविवार को अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र भरा था। कांग्रेस ने इस पद पर अपना प्रत्याशी न खड़ा करने की घोषणा पहले ही कर दी थी। इससे उनका निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित होना तय हो गया था।
गौतम ने चर्चा के दौरान कहा कि वे विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष रहे डा. सीतासरण शर्मा और एनपी प्रजापति समेत वरिष्ठ सदस्यों के सहयोग से अपना दायित्व पूरी तरह से निष्पक्ष और निभाने की कोशिश करेंगे। उन्होंने सभी से इस कार्य में सहयोग प्रदान करने का भी आह्वान किया। इसके पहले उन्हें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, नेता कमलनाथ, संसदीय कार्यमंत्री नरोत्तम मिश्रा और अन्य सदस्यों ने गौतम को अध्यक्ष निर्वाचित होने पर बधाई और शुभकामनाएं दी।

0 coment rios:
Hi friends