नगर के महोबा चौराहे पर भट्ट बंगला के नाम से प्रसिद्ध भूमि पर हरे-भरे पेड़ों को काटकर भूमि को समतल करके बिना परमिशन अवैध कॉलोनी बनाने की तैयारी की जा रही है। प्रशासन टीम ने पहुंच कर भू माफिया के खिलाफ कार्रवाई करते हुए काम रुकवाया।
वहीं एक दर्जन से अधिक हरे भरे पेड़ों को काटने के मामले में पंचनामा बनाते हुए जमीन मालिक के सुपुर्द कर वन विभाग की टीम को पत्र लिखकर कार्रवाई करने के कहा। जांच के बाद जमीन मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने सहित बिना परमिशन के जमीन को समतल कर अवैध कॉलोनी निर्माण करने पर कार्रवाई की बात कही है। ऐसा ही एक मामला का मामला नौगांव शहर के भट्ट बंगला में स्थित भूमि में देखने में आया है। जहां पर खाली पड़ी भूमि पर अवैध कॉलोनी का निर्माण कर प्लॉटिंग की नियत से हरे भरे पेड़ सागौन, नीम, जामुन जैसे बेशकीमती पेड़ को जेसीबी मशीन से उखाड़ कर धराशाई कर नष्ट कर दिया गया। भूमि पर स्थित ब्रिटिश कालीन तलैया को भी मिट्टी डालकर समतल करके प्लाट बेचने की तैयारी की जा रही है।
सूचना मिलने पर एसडीएम विनय द्विवेदी के निर्देश पर सदर पटवारी हरि नारायण शर्मा सहित राजस्व विभाग, वन विभाग, नगर पालिका एवं पुलिस अमले ने पहुंच कर मौका निरीक्षण किया। सदर पटवारी हरिनारायण शर्मा ने भूमि से उखड़े पड़े एक दर्जन से अधिक पेड़, तलैया के समतल करने एवं भूमि को प्लाटिंग की नियत से समतल करने के विषय पर पंचनामा बना कर जांच प्रतिवेदन तहसीलदार को सौंपा।
पर्यावरण संरक्षण की योजना को दिखा रहे ठेंगा
शासन प्रशासन द्वारा पर्यावरण संरक्षण को लेकर कई तरह की योजनाएं बनाकर लाखों करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं। लेकिन शासन की पर्यावरण संरक्षण की योजना को अवैध कॉलोनी बना रहे भू माफिया ठेंगा दिखा रहे हैं।
सदर पटवारी हरिनारायण शर्मा के प्रतिवेदन के आधार पर तहसीलदार बीपी सिंह ने कटे पड़े पेड़ों को भू मालिक के सपुर्द करते हुए जांच के लिए वन विभाग की टीम को पत्र लिखकर कार्रवाई करने को कहा है। भूमि पर लगे पेड़ों के कटने के मामले में वन विभाग की कार्रवाई के साथ आरोपियों के खिलाफ बिना अनुमति पेड़ काटने पर एफ आई आर दर्ज कराने की बात कही है।
तहसीलदार बोले- आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी
शहर के भट्ट बंगला में स्थित खाली पड़ी भूमि पर लगे हरे भरे पेड़ों के काटने, जमीन को समतल करने एवं तलैया को खत्म करने के मामले में पटवारी से पंचनामा एवं जांच प्रतिवेदन लेते हुए वन विभाग को कार्रवाई के लिए पत्र लिखा है। साथ ही बिना अनुमति के खेती की भूमि को लेवल करने और तलैया को समतल करने के मामले में जांच प्रतिवेदन के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-बीपी सिंह, तहसीलदार, नौगांव
0 coment rios:
Hi friends