सोमवार, 16 नवंबर 2020

दीपावली की रात सरेराह गले पर चाकू मारकर की भाजपा कार्यकर्ता की हत्या, दो चचेरे भाई भी गंभीर

दीपावली की रात सरेराह गले पर चाकू मारकर की भाजपा कार्यकर्ता की हत्या, दो चचेरे भाई भी गंभीर

अंबेडकर नगर गेट के पास एक बीजेपी कार्यकर्ता की हत्या कर दी गई। बीच बचाव में आए उसके दो चचेरे भाइयों पर भी बदमाशों ने चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। आरोपी कांग्रेस से जुड़े कार्यकर्ता बताए जा रहे हैं। दोनों पक्षों में वर्चस्व को लेकर लंबे समय से विवाद जारी है। बीजेपी कार्यकर्ता घर का इकलौता बेटा था।

कमला नगर पुलिस ने आठ आरोपियों पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। दो दिन बीतने के बाद भी पुलिस एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।

अंबेडकर नगर में ये सनसनीखेज वारदात शनिवार रात करीब साढ़े 12 बजे नेहरू कॉलोनी में रहने वाले 35 वर्षीय नीरज ऊंटवाल के साथ हुई। पेशे से सफाई कॉन्ट्रेक्टर नीरज बीजेपी कार्यकर्ता भी थे। थाना प्रभारी विजय सिंह सिसोदिया ने बताया कि नीरज का कांग्रेस से जुड़े राजेंद्र धनवार और गोलू टाइगर के साथ लंबे समय से वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा था। दीपावली की रात करीब साढ़े 12 बजे नीरज अपने चचेरे भाइयों अमर, रानू और आकाश के साथ खड़े थे। तभी यहां राजेंद्र और गोलू अपने 7-8 साथियों के साथ वहां आ गए।

थोड़ी बहस के बाद राजेंद्र ने नीरज और उसके भाइयों पर हमला कर दिया। नौबत यहां तक आ गई कि आरोपियों ने नीरज के गले पर चाकू से दो वार किए। बीच बचाव में आए रानू और आकाश पर भी आरोपियों ने ताबड़तोड़ वार किए। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, लेकिन आरोपी तब तक भाग निकले। तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां नीरज ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। आकाश और रानू को भी इस हमले में गंभीर चोटें आई हैं।

डॉक्टर बोले- ज्यादा खून बहने से नहीं बची जान
नीरज परिवार का इकलौता बेटा था। आरोपियों ने उसके कान के पास गले पर चाकू मारा जो काफी अंदर तक जा घुसा था। डॉक्टरों ने पुलिस को बताया है कि ज्यादा खून बहने के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। बीच बचाव में आए रानू पर चार वार किए गए, जबकि आकाश के हाथ में गहरा जख्म है।

आठ पर हत्या का केस, गिरफ्तार एक भी नहीं
पुलिस ने राजेंद्र, गोलू टाइगर, कपिल, अंकित, पप्पू, भानू, अमित, दीपेंद्र के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं। दो दिन बीत जाने के बाद भी एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।

बाप-बेटों ने फोड़ दिए कॉलोनी में खड़ी तीन कारों के कांच
बावड़ियाकलां स्थित खनूजा इन्क्लेव में पटाखे फोड़ने को लेकर हुए विवाद में बाप-बेटों ने कॉलोनी में खड़ी तीन कार के कांच फोड़ दिए। खनूजा इन्क्लेव निवासी अजय खरे बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर हैं। शनिवार रात पौने 11 बजे पड़ोस में रहने वाले मंगेश के घर रिश्तेदार आए थे। अजय, मंगेश और अन्य लोग दीपावली की पूजा के बाद पटाखे फोड़ रहे थे। तभी कॉलोनी में रहने वाले गोपी किशन और उनके बेटों अक्षय व कृष्णा गाली गलोच करने लगे। तीनों पटाखे फोड़ने से हो रहे शोर से नाराज थे। विरोध करने पर आरोपियों ने मिलकर अजय के घर के पास खड़ीं तीन कारों के कांच फोड़ दिए।

पटाखे फोड़ने पर विवाद के बाद युवक के सिर पर मारा चाकू
दीपावली पर पटाखे फोड़ने को लेकर गांधी नगर में दो परिवारों में जमकर विवाद हो गया। गांधी नगर पुलिस के मुताबिक हाईस्कूल के पीछे रहने वाले 70 वर्षीय शकूर शाह की शिकायत पर दो आरोपियों पर जानलेवा हमले का केस दर्ज किया गया है। शनिवार शाम शकूर घर के बाहर बैठे थे। तभी पड़ोस में रहने वाले बच्चे पटाखे फोड़ने लगे।

शाम करीब साढ़े सात बजे बच्चों ने शकूर के घर के सामने पटाखे फेंकना शुरू किया तो उन्होंने ऐतराज जताया। इसका पता बच्चों के परिजन आबिद चांद और अरसलान को चला तो विवाद बढ़ गया। शकूर के बेटे इस्माइल ने उन्हें समझाने की कोशिश की, इस बीच आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में इस्माइल के सिर और हाथ में चाकू लगने से गहरा जख्म है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।



मृतक नीरज।




SHARE THIS

Author:

Etiam at libero iaculis, mollis justo non, blandit augue. Vestibulum sit amet sodales est, a lacinia ex. Suspendisse vel enim sagittis, volutpat sem eget, condimentum sem.

0 coment rios:

Hi friends