शहर में डोर-टु-डोर कूड़ा लिफ्टिंग करने वाली निजी कंपनी, म्यूनिसिपल सॉलिड वेस्ट (एमएसडब्ल्यू) लिमिटेड के मुलाजिम सैलरी और दूसरे मुद्दों को लेकर वीरवार से हड़ताल पर चले गए। इसकी वजह से अमृतसर ईस्ट, नाॅर्थ, और वेस्ट विधानसभा हलके के 25 वार्डों से कूड़ा लिफ्टिंग नहीं हो पाई। मुलाजिमों की हड़ताल के कारण कंपनी की 90 गाड़ियां कूड़ा लिफ्टिंग के लिए फील्ड में नहीं निकल पाईं।
लिफ्टिंग न होने की वजह से घरों के अलावा सड़कों पर डस्टबिन से कूड़ा इधर-उधर बिखरता रहा। शुक्रवार को भी कूड़ा लिफ्टिंग होगी या नहीं? इसे लेकर वीरवार देर शाम तक कुछ फाइनल नहीं हो पाया। उधर नगर निगम ने कूड़ा लिफ्टिंग न होने पर कंपनी को 77 लाख रुपए का पैनल्टी नोटिस भेज दिया। गौरतलब है कि एमएसडब्ल्यू लिमिटेड की ऑनरशिप हाल ही में बदली है और अब इसे दुबई बेस्ड अवर्दा कंपनी ने टेकओवर कर लिया है।
एमएसडब्ल्यू लिमिटेड कंपनी के मुलाजिम 2 से 3 महीने सैलरी नहीं मिलने पर पहले भी कई बार हड़ताल कर चुके हैं। तब नगर निगम ने कंपनी को जुर्माना भी लगाया था। इस साल एमएसडब्ल्यू लिमिटेड कंपनी को टेकओवर करने वाली दुबई की अवर्दा कंपनी ने घरों से कूड़ा उठाने के लिए कई नई गाड़ियां खरीदी हैं। कंपनी भगतांवला डंप पर बॉयोरेमिडेशन का काम भी शुरू कर चुकी है।
अगस्त की सैलरी मंगलवार और सितंबर की सैलरी महीने के अंत तक देंगे
एमएसडब्ल्यू लिमिटेड के अधिकारियों ने कहा कि मुलाजिमों की अगस्त और सितंबर महीने की सैलरी पेंडिंग है। अगस्त की सैलरी सोमवार या मंगलवार तक दे दी जाएगी। सितंबर के वेतन का भुगतान भी इस महीने के अंत तक कर दिया जाएगा। मुलाजिमों से काम पर लौटने को कहा गया है। कंपनी किसी को जॉब से नहीं हटा रही।
लिफ्टिंग शुरू नहीं हुई तो रोजाना 77 लाख रुपए की पैनल्टी लगेगी : कमिश्नर
नगर निगम कमिश्नर कोमल मित्तल ने कहा कि वीरवार को 90 गाड़ियां फील्ड में नहीं निकली जिससे 25 वार्डों में कूड़ा लिफ्टिंग का काम प्रभावित हुआ। कंपनी और मुलाजिमों के बीच कुछ इश्यूज हैं जिसे लेकर ह़ड़ताल हुई है। नगर निगम ने कंपनी को 77 लाख रुपए का पैनल्टी नोटिस भेज दिया है। कंपनी ने शुक्रवार से कूड़ा लिफ्टिंग का आश्वासन दिया है। ऐसा नहीं हुआ तो रोजाना 77 लाख रुपए के हिसाब से पैनल्टी लगेगी।
0 coment rios:
Hi friends