इंदौर.कोरोना के संक्रमण से इंदौर में हालात दिन-ब-दिन बिगड़ते जा रहे हैं। सोमवार को यहां चौथी मौत हो गई, वहीं आठ लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सोमवार तड़के 41 साल के मोहम्मद साजिद नेे दम तोड़ दिया। 26 मार्च को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। संक्रमण से अब तक जान गंवा चुके 4 लोगों में से दो उज्जैन जिले के हैं। तीन दिन पहले उज्जैन के संतोष वर्मा की मौत हुई थी, उनकी रिपोर्ट सोमवार को पॉजिटिव आई है। छह दिन पहले यहीं की 65 साल की राबिया बी की भी कोरोना से मौत हुई थी।
उधर, मुंबई में अभिनेता सलमान खान के 38 साल के भतीजे अब्दुल्लाह खान उर्फ अबा का सोमवार रात इंतकाल हो गया। वह इंदौर के खान कम्पाउंड में रहते थे। अब्दुल्लाह को रविवार को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती किया था। सांस लेने में परेशानी होने पर शाम को वेंटिलेटर पर रखा था। उनकी कोरोना जांच रिपोर्ट आना बाकी है।
संक्रमण के नए मरीजों में इंदौर के सात और एक उज्जैन का है। तीन एक ही परिवार के हैं। इन आठ में से तीन की कांटेक्ट हिस्ट्री मिली है। अन्य की ट्रैवल हिस्ट्री नहीं मिली है। प्रदेश में पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा अब 47 हो गया है, जिनमें इंदौर 32, जबलपुर 8, भोपाल 3, शिवपुरी 2, ग्वालियर 2 मरीज शामिल हैं।
एक दिन में 70 सैंपल की जांच हुई, 40 सैंपल भोपाल भेजना पड़े
इंदौर में सोमवार को 40 सैंपल भोपाल एम्स भेजे गए। यहां भी पहली बार एक दिन में 70 सैंपल की जांच की गई। मप्र में पहली बार एक साथ इतने सैंपल की जांच की गई। इंदौर के अब तक कोरोना संक्रमण के 32 मामले सामने आ चुके हैं। यहां एमजीएम मेडिकल कॉलेज की अकेली लैब है जहां टेस्ट होते हैं। यहां एक बार में 21 सैंपल ही जांचे जा सकते हैं। एक जांच में 10 घंटे का समय लगता है।
राजधानीमें नई व्यवस्था : पुराने भोपाल से नए और नए से पुराने में नहीं जा सकेंगे लोग
भोपाल. शहर को चार जोन में बांट दिया गया है। इसमें नया भोपाल (भेल शामिल), पुराना भोपाल, बैरागढ़ और कोलार क्षेत्र को शामिल किया गया है। मंगलवार से नए भोपाल के रहवासी, पुराने भोपाल की तरफ नहीं जा सकेंगे। इसी तरह बैरागढ़ और भेल के रहवासी भी अपनी सीमा से बाहर नहीं जा सकेंगे। पुलिस और प्रशासन के अफसर क्षेत्र की सीमाओं पर बैरिकेड्स लगाएंगे। इस दौरान कोई बिना अनुमति आता मिला तो उसके खिलाफ कानून कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर तरुण पिथोड़े ने बताया कि सिर्फ पास धारी व्यक्तियों को आने जाने की अनुमति रहेगी। मेडिकल इमरजेंसी में लोगों को नहीं रोका जाएगा। मीडियाकर्मियों को आईडी कार्ड दिखाना होगा। इसके बाद आधार पर वो आ जा सकेंगे। कलेक्टर ने बताया कि मंगलवार से शहर में चार पहिया वाहन चलाने पर रोक लगा दी गई है। पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि बिना अनुमति कोई भी गाड़ी आती-जाती दिखे तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
आज से नहीं चलेगा किराना का बहाना, घर से निकले तो दर्ज होगा केस, गिरफ्तारी भी
भोपाल में मंगलवार से मेडिकल इमरजेंसी न हो तो घर से बाहर न निकलें। पुलिस आपके खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार भी कर सकती है। एडीजी भोपाल रेंज उपेंद्र जैन ने बताया कि ऐसे लोगों को खासकर आरोपी बनाया जाएगा, जो बार-बार या अपना मोहल्ला छोड़कर दूसरे किसी मोहल्ले में किराना या सब्जी लेने पहुंचेंगे। तकरीबन सभी मोहल्लों में प्रशासन की ओर से सब्जी भेजी जा रही हैं और उन इलाकों में किराना दुकानें भी हैं। ज्यादातर लोग कुछ दिनों के हिसाब से किराना-सब्जी खरीद लेते हैं, इसलिए इस बहाने से घूमने वालों पर अब सख्ती की जाएगी। मुनासिब होगा कि मेडिकल इमरजेंसी में ही घर से बाहर निकलें।
सुखद खबर : शिवपुरी में संक्रमित एमबीबीएस छात्र वैभव स्वस्थ हुआ
शिवपुरी जिले के कोराना संक्रमित मरीज एमबीबीएस का छात्र वैभव गोयल अब ठीक हो गया है। उनकी जांच रिपोर्ट सोमवार को नेगेटिव आई है। शिवपुरी के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अर्जुन लाल शर्मा ने बताया कि प्रदेश का यह पहला मामला है, जिसमें मरीज कोरोना संक्रमित होने के बाद ठीक हुआ है।
.
क्वारेंटाइन सेंटर से भागे 20 से ज्यादा लोग, दो घंटे बाद जंगल से पकड़ा
सिवनी। महाराष्ट्र से लगे खवासा बॉर्डर पर क्वारेंटाइन सेंटर लाए गए 20 से ज्यादा लोग भाग गए। सोमवार दोपहर हुई इस घटना से हड़कंप मच गया। कुरई पुलिस व शासकीय अमले ने सेंटर से लगे जंगल में उनकी तलाश शुरु की। दो घंटे की मशक्कत के बाद उन्हें पकड़कर वापस सेंटर लाया गया। सोमवार से जिले में प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति को 14 दिन तक क्वारेंटाइन सेंटर में रखने की प्रक्रिया शुरु की गई है। इसके लिए सिवनी, लखनादौन व खवासा के जनचेतना केंद्र को कोरोनटाइन सेंटर बनाया गया है। नागपुर की ओर से पैदल आ रहे इन मजदूरों को क्वारेंटाइन सेंटर लाया गया था। लेकिन वे मौका देखकर सेंटर से भाग गए।
0 coment rios:
Hi friends