मंगलवार, 24 मार्च 2020

प्रदेश में 312 लोगों में 227 की रिपोर्ट निगेटिव, अब तक 14 पॉजिटिव, गुड़गांव में 260 किए क्वारेंटाइन


पानीपत.राज्य में एक तरफ सरकार हर प्रयास करने में जुटी है और दूसरी ओर कोरोना वायरस पॉजिटिव मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश कोरोना पॉजिटिव के पानीपत और पलवल में एक-एक नया केस सामने आया है। राज्य में कोरोना वायरस पाॅजिटिव मरीजों की संख्या 14 हो गई है, जबकि अभी 7705 लोग सर्विलांस पर हैं। विदेश से हरियाणा में कुल 8322 लोग लौटे हैं। इनमें 617 लोगों का ही सर्विलांस का समय पूरा हुआ है। फिलहाल प्रदेश में 72 संदिग्ध मरीजों को अस्पतालों में भर्ती कराया हुआ है। प्रदेश में 312 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। इनमें अच्छी बात यह है कि 227 की रिपोर्ट अब तक नेगेटिव आई है। 14 पॉजिटिव मिले हैं। अभी 73 मरीजों की रिपोर्ट आनी बाकी है। गुड़गांव में 260 लोगों को क्वारेंटाइन किया है। ये सभी लोग विदेश से लौटे हैं।

गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने निर्देश जारी किए हैं कि यदि सोशल मीडिया पर कोई व्यक्ति गलत अफवाहें या सूचनाएं फैलाएगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। इसके लिए सभी डीसी व एसपी को अधिकृत किया गया है। उन्होंने लोगों का आह्वान किया है कि यदि उनके संज्ञान में कोई ऐसा व्यक्ति आए, जिसको कोरोना के कारण घर में कोरेंटाइन करने के लिए कहा गया है, लेकिन वह उसका पालन नहीं कर रहा या इधर उधर घूम रहा है तो उसकी सूचना नजदीकी थाने में दें।

कार में पानीपत से रोहतक मायके गई, तबीयत बिगड़ने पर पीजीआई में भर्ती

राेहतक के लाॅकडाउन की घाेषणा के पहले दिन कोरोना वायरस के पॉजिटिव केस की पुष्टि हुई है। संक्रमित महिला का रोहतक की तेज कॉलोनी में मायका है। वह पानीपत के नौल्था कस्बे में शादीशुदा है और पानीपत के इसराना के राइस मिल में नौकरी करती है। संक्रमित महिला के संपर्क में आए 5 लोगों को सर्विलांस पर लिया है। महिला को 4 दिन से गले में खरास व अन्य प्रकार की समस्या हुई थी। उसने नौल्था के अस्पताल में चेकअप कराया था, लेकिन रिपोर्ट सामान्य मिली। महिला 3 दिन पहले शुक्रवार को कार से अपने 13 वर्षीय बेटा, 10 वर्षीय बेटी और पति के साथ रोहतक स्थित तेज कॉलोनी पहुंची। वो अपने बड़े भाई के साथ पीजीआई में पहुंची। पीजीआई ने सैंपल कर उसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया। सोमवार को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

पलवल में 66 साल के पीड़ित की पत्नी व नौकरानी के सैंपल जांच के लिए भेजे

पलवल में 66 वर्षीय व्यक्ति में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। कोरोना से संक्रमित व्यक्ति को पलवल से नलहड़ मेडिकल कॉलेज में आइसोलेशन वार्ड में दाखिल किया है। पीड़ित दुबई से 18 मार्च को वापस पलवल लौटा था। जिले में विदेश से यात्रा करके वापस लौटने वालों की संख्या 50 के करीब हैं। पीड़ित तीन दिन तक कहां-कहां गया और किस-किस से मिला इसकी जांच की जा रही है। पीड़ित की पत्नी व नौकरानी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।

हिसार में विदेश से लौटने वाले 168 क्वारेंटाइन्स, घर रहने की सलाह दी

हिसार मेंं विदेश से लौटने वाले होम क्वारेंटाइन्स की संख्या 168 है। इनमें करीब 80 ऐसे हैं, जोकि हाल में लौटकर आए थे। इनके घर के बाहर कोविड-19 डू नॉट विजिट का पोस्टर चस्पाया है। हिदायत दी कि घर में अलग कमरे में रहें। घर से बाहर न निकलें और न ही किसी को आने दें। भ्रामक अफवाह न फैलाने का आग्रह किया जा रहा है। ऐसा करने वालों पर कार्रवाई होगी।

रोहतक में काम न मिलने से परेशान फूड डिलीवरी ब्वाॅय ने लगाया फंदा

रोहतक मेंफूड डिलीवरी ब्वाय शिव नगर कॉलोनी वासी 29 वर्षीय सन्नी ने सोमवार को फंदा लगा सुसाइड कर लिया। मृतक के परिजनों का कहना है कि काम न मिलने के कारण पिछले 5 दिन से सन्नी काफी परेशान था। सन्नी के परिवार में उसकी पत्नी और दो बच्चे हैं। परिजनों ने बताया कि सन्नी की आर्थिक हालत ज्यादा ठीक नहीं थी। सोमवार को शनि की मां और पत्नी मजदूरी पर गई हुई थी।

सभी 7 जिलों में लॉकडाउन पहले दिन फेल
रेवाड़ी: डीसी के आदेशों के अगले दिन सोमवार सुबह बाजार खुल गया। पुलिस ने पहुंचकर दुकानें बंद कराई, जरूरी सेवाओं के साथ ही शराब ठेके तक खुले, धारा-144 के बावजूद शहर में दोबारा भीड़भाड़ बढ़ने की शिकायतों पर डीसी ने अधिकारियों की बैठक बुलाई।

पानीपत: शहर में लॉकडाउन हाेने के बावजूद काफी संख्या में लोग सड़कों पर घूमते नजर आए। पुलिस वाले चौराहों पर खड़े थे, लेकिन किसी को रोका-टोका नहीं गया। यहां प्रशाासन की लापरवााही सामने आई। यहां ऑटो रिक्शा भी चलते रहे, जिन्हें पुलिस ने भी नहीं रोका।

फरीदाबाद: सोमवार को पहले दिन ही लॉकडाउन फेल हो गया। सुबह लोग अपने-अपने साधनों से बाहर निकलने लगे। ऐसा लग ही नहीं रहा था कि कोरोना को लेकर जिले में लॉकडाउन है। दोपहर बाद पुलिस ने सख्ती दिखाई तो आवाजाही थोड़ी कम हुई।
गुड़गांव: लॉकडाउन को लागू कराने के लिए पुलिस व प्रशासन की व्यवस्था चाक-चौबंद रही। कमर्शियल व ऑटो चालकों के पुलिसकर्मी चालान काटते दिखाई दिए। बार्डरों पर सिर्फ आवश्यक काम से जाने वाले तथा इमरजेंसी वाहनों की ही एंट्री की गई।
सोनीपत: सुबह लॉकडाउन की ढील का लाभ उठाते हुए लोग घरों से निकले और मंडी से सब्जी व करियाणा से सामान खरीदा। सड़कों पर घूमने वालों पर बाद में पुलिस ने सख्ती दिखाई। जिले की सीमाओं पर पुलिस नाके लगाए गए हैं। राई में भी फैक्टरी खोलने पर केस दर्ज किया गया है। निगरानी रखने के लिए 21 अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी है।

रोहतक: लॉकडाउन हाेने के बावजूद शहर की सड़काें पर उतरे करीब 250 ऑटो और टैक्सी को थाने-चौकियों में खड़ा कर लिया। शहर में 30 जगह पुलिस ने नाकाबंदी की है। शॉपिंग कांप्लेक्स में धारा 144 व महामारी अधिनियम की अवहेलना करने को लेकर जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने कड़ी कार्रवाई की है।

पंचकूला: प्रशासन की ढील के बाद लॉक डाउन का मजाक बन गया। पुलिस तो जगह-जगह पर नाके लगाकर खड़ी थी, लेकिन लोग कोई न कोई बहाना बनाकर अपने घरों से निकल रहे थे। जिसके बाद सड़कों पर भी गाड़ियां चलती रही। ऐसे में सवाल खड़ा होता है कि ये लॉक डाउन है या मजाक है।
राज्य में एक तरफ सरकार हर प्रयास करने में जुटी है




SHARE THIS

Author:

Etiam at libero iaculis, mollis justo non, blandit augue. Vestibulum sit amet sodales est, a lacinia ex. Suspendisse vel enim sagittis, volutpat sem eget, condimentum sem.

0 coment rios:

Hi friends