टीआई सिविल लाइन; आपको इतना समय हो गया, आपने पांच से सात साल पुरानी केस डायरियों को पलटकर भी नहीं देखा, पेंडिंग अपराध कैसे निपटाओगे। यह बात डीआईजी चंबल रेंज राजेश हिंगणकर ने मंगलवार को पुलिस सभागार में आयोजित क्राइम बैठक में सिविल लाइन टीआई विनय यादव को फटकार लगाते हुए कही। डीआईजी क्राइम बैठक में लंबित अपराधों की पेंडेंसी पर काफी नाराज दिखे।
उन्होंने कोतवाली, अंबाह, बागचीनी, चिन्नौनी थाना प्रभारियों से भी कहा कि आपके यहां भी अपराधों के निकाल की स्थिति कमजोर है। इस पर एसपी अनुराग सुजानियां ने कहा कि सर अंबाह टीआई योगेंद्र सिंह जादौन 2 महीने पहले ही आए हैं। वहीं सिटी कोतवाली का प्रभारी सेंथिया पर 2 दिन पहले ही आया है। क्राइम बैठक में टेंटरा के थाना प्रभारी पुष्पक शर्मा, सबलगढ़ नरेंद्र शर्मा, बानमोर के शाक्य व महुआ के पारथ सिंह परिहार को एक-एक हजार पुरस्कार अच्छा काम करने पर दिया गया। बैठक में एएसपी हंसराज सिंह भी मौजूद थे।
20 दिन में बड़े थानों में 10 व छोटे में 5% से अधिक न हो पेंडेंसी
क्राइम मीटिंग जिलेभर के टीआई-थाना प्रभारियों को हिदायत देते हुए डीआईजी हिंगणकर ने कहा कि 21 दिसंबर तक की समय-सीमा तय कर रहा हूं। इस दौरान जिले के जो भी बड़े-बड़े थाने हैं उनकी पेंडेंसी 10 प्रतिशत व छोटे-छोटे थानों में अपराधों की पेंडेंसी 5 प्रतिशत से अधिक नहीं होना चाहिए। अगर ऐसा हुआ तो आप समझिए आपके खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित है।
महिलाओं के केसों में न बरतें लापरवाही
डीआईजी ने क्राइम बैठक में सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि लंबित अपराधो के निकाल के साथ-साथ जिन थाना क्षेत्रों में रेत का अवैध उत्खनन व परिवहन होता है, उन इलाकों में इस पर सख्ती से कार्रवाई की जाए। साथ ही हर थाना प्रभारी तय करे कि उसके यहां शाम के वक्त फोर्स सड़कों पर गश्त करता है या नहीं। वहीं महिला हिंसा व प्रताड़ना से संबंधी अपराधों में यह शिकायत न मिले कि-साहब हमारी सुनवाई नहीं हो रही।
रिठौरा में ग्वालियर पुलिस ने पकड़ी शराब फैक्टरी, आप क्या करते रहे
क्राइम बैठक में डीआईजी श्री हिंगणकर ने रिठौरा थाने की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि आपके क्षेत्र में अवैध शराब की फैक्टरी बेधड़क चल रही थी और आपको खबर ही नहीं थी। ग्वालियर पुलिस आपके क्षेत्र में आकर इस फैक्टरी का भांडाफोड़ करती है यह शर्मनाक है। इस पर एसपी सुजानियां ने डीआईजी को बताया कि सर हमने इस मामले में तत्कालीन प्रभारी को सस्पेंड कर दिया है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Hi friends