बच्चों व महिलाओं के खिलाफ हिंसा के उन्मूलन के अंतरराष्ट्रीय दिवस पर बुधवार को महेश्वर के पुलिस कंट्रोल रूम में कार्यक्रम हुआ। बालिकाओं ने गीत, कविता व संबोधन से नारी शक्ति का महत्व बताया। संगोष्ठी को महिला एवं बाल विकास अधिकारी तारावती वर्मा, टीआई पीके मूवेल, एसआई ज्योति परिहार, रोटरी क्लब के विक्रमसिंह चौहान, धर्मेंद्र मालाकार व नवीन कुशवाह ने संबोधित किया।
उन्होंने कहा बच्चों व महिलाओं के विरुद्ध हिंसा स्वीकार नहीं है। इसकी रोकथाम संभव है। हर बच्चे व महिला को गरिमा पूर्ण व हिंसा मुक्त जीवन जीने का अधिकार है। बचपन में घटित हिंसा बच्चों के मानसिक, भावनात्मक व शारीरिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकती है। यह उनके पूरे जीवन को प्रभावित करती है। हर व्यक्ति को बच्चों के विरुद्ध हिंसा को खत्म करने का संकल्प लेना चाहिए। झूले इंटरनेशनल के सहयोग से मास्क बांटे गए। अधिकारी-कर्मचारियों सहित महिलाएं व बच्चे मौजूद थे। कसरावद के थाना परिसर में हुए जागरूकता कार्यक्रम में टीआई माधवसिंह ठाकुर व महिला एवं बाल विकास विभाग पर्यवेक्षक उमा नरिया ने बच्चों व महिलाओं को अधिकारों की सुरक्षा की जानकारी दी।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री आए, आज वापस जाएंगे
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत एक दिनी प्रवास पर बुधवार को ग्वालियर आए। वे शाम को स्टेट प्लेन से ग्वालियर एयरपोर्ट पहुंचे। यहां प्रशासनिक अधिकारियों नेे उनकी अगवानी की। एयरपोर्ट से वे होटल ऊषा किरण पैलेस के लिए रवाना हो गए और रात्रि विश्राम वहीं किया। वे गुरुवार को सुबह 7.30 बजे ग्वालियर एयरपोर्ट से देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट के लिए स्टेट प्लेन से रवाना होंगे। श्री रावत, क्रिकेटर अंकित शर्मा के यहां आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए आए।
छात्रा का मोबाइल लूटा, दो घंटे बाद 10 के नोट का लालच देकर पर्स लेकर भागा
शहर के अलग-अलग इलाकों में बुधवार सुबह दो घटनाएं हुईं। भिंड रोड पर सुबह करीब 8 बजे एक छात्रा का मोबाइल लुट गया। इसके दो घंटे बाद किलागेट के पास 10 रुपए का नोट सड़क पर गिराकर एक गुंडा महिला का पर्स लेकर भाग गया। दोनों ही घटनाओं में फिलहाल आरोपियों का पता नहीं लगा है।
आदित्यपुरम के रहने वाले डॉ. वैभव श्रीवास्तव की बेटी नंदिता प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही है। वह वायु नगर में रहने वाली सहेली गुंजन के यहां ऑनलाइन क्लास लेने जाती है। वह रोज की तरह बुधवार सुबह करीब 8 बजे भिंड रोड से पैदल जा रही थी।
आदित्यपुरम गेट के पास वह एक पोहे के ठेले पर रुकी तभी सहेली का फोन आ गया। वह मोबाइल पर बात कर रही थी इसी बीच उसका मोबाइल बाइक सवार बदमाश छीनकर भाग गए। छात्रा ने शोर मचाया तो लोग इकठ्ठे हो गए। छात्रा अपने घर गई और परिजनों को घटना बताई। फिर पुलिस को सूचना दी गई।
वहीं, हजीरा की रहने वाली सोनाली पत्नी नीलेश सिंह बुधवार सुबह करीब 10 बजे बेटे के साथ किला गेट गई थीं। उनका बेटा दुकान पर सामान ले रहा था। वह बाहर खड़ी थीं। उन्होंने पर्स स्कूटर के आगे रख दिया।
अचानक एक युवक आया और सड़क की तरफ इशारा कर बोला कि 10 रुपए का नोट गिर गया है। महिला नोट उठाने के लिए जैसे ही झुकी तो वह स्कूटर पर रखा पर्स लेकर चला गया। कुछ देर बाद महिला की नजर पड़ी तो उसे पर्स गायब दिखा।
हायर सेकंडरी और हाईस्कूल का रिजल्ट बेहतर हो, प्राचार्य बनाएं कार्ययोजना
जिले के हायर सेकंडरी और हाईस्कूल का रिजल्ट पिछले साल से बेहतर करने के लिए कार्ययोजना स्कूल के प्राचार्यों को बनाना है। इसके लिए उन्हें शिक्षकों का मार्गदर्शन भी करना है।
इसकी तैयारी अभी से करना होगी तभी रिजल्ट बेहतर हो पाएगा। यह दिशा निर्देश बुधवार को संयुक्त संचालक लोकशिक्षण आरके उपाध्याय ने स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों तथा प्राचार्यों की ऑनलाइन बैठक में दिए।
श्री उपाध्याय ने कहा कि कोविड-19 के इस दौर में जिले का बोर्ड परीक्षा का परिणाम अपेक्षाकृत अच्छा प्राप्त हो, इस हेतु सभी प्राचार्य को लीडरशिप में काम करना है और अपने शिक्षकों को मार्गदर्शन प्रदान कर परीक्षा परिणाम में वृद्धि करने हेतु अधिक प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। ऐसे छात्र जिनके पास दूरदर्शन, मोबाइल पर डिजीलेप कार्यक्रम या अन्य कोई संसाधन सीखने-सिखाने हेतु नहीं है, उन छात्रों को विद्यालय में बुलाकर कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करते हुए सोशल डिस्टेंसिंग को ध्यान में रखकर उन्हें पालकों की सहमति से विद्यालय में बुलाकर उनका मार्गदर्शन प्रदान करें ताकि छात्र अध्ययन से वंचित न हो पाए। उन्होंने कहा कि परीक्षाएं समय पर ही आयोजित की जाएंगी।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Hi friends