अट्टहास करते दानवों के रूप में कोरोना संक्रमण का अंदेशा बढ़ता दिखा तो भगवान श्रीकृष्ण की टोली ने भी मास्क का सुरक्षा कवच और सैनिटाइजर को हथियार बनाकर आततायी के आतंक का अंत कर दिया। मंगलवार रात कंस चौराहे पर 268 साल पुरानी ऐतिहासिक परंपरा का निर्वाह कोविड-19 की गाइड लाइन का पालन करते हुए किया गया।
आयोजन के दौरान एक ही जगह पर भीड़ ज्यादा न हो इसके लिए भी समिति के सदस्य लोगों को समझाइश देते रहे। कोविड-19 के चलते ऐतिहासिक परंपरा में 80 साल बाद एक बार फिर से बदलाव किया गया। इतने सालों में पहली बार ऐसा हो रहा है कि वाक युद्ध आजाद चौक में नहीं हुआ। कंस दरबार में ही रात 9 बजे पहुंचे दानवों ने संवाद प्रस्तुत करना शुरू कर दिया।
इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी आयोजन पर नजर जमाए रखी। कंस दरबार के मंच पर बने 15 फीट ऊंचे पुतले के सामने देवताओं और दानवों के बीच डेढ़ घंटे तक वाद संवाद होते रहे। इसके बाद रात 12 बजे गवली समाज के युवाओं की टोली ने भी सोशल डिस्टेंसिंग के साथ पहुंचकर लाठियों से पीट-पीट कर कंस का वध कर दिया।
कोरोना संक्रमण से बचने की चेतावनी दे गए दानव
सालों साल पुरानी इस परंपरा में पहली बार ऐसा हो रहा है कि महज 10 कलाकारों ने ही देवताओं और दानवों की भूमिका निभाई। कंस के सेनापति के रूप में अनिल गुप्ता, विशेष व्यास और देवतवाल बंधुओं ने दानवों का रूप धारण कर लोगों को संक्रमण से बचने की चेतावनी दी।
वहीं ऋषभ भट्ट कृष्ण और राजकुमार पांडे ने बलराम का रूप धारण कर आमजन को मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग की महत्ता समझाते हुए जागरूकता फैलाई।
कंस चौराहा पर अफरा-तफरी
कंस वध के बाद मंच से शरारती तत्वों ने ईंट फेंक दी। इस कारण कुछ देर के लिए कंस चौराहे पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। हालांकि कोतवाली ने स्थिति पर तुरंत नियंत्रण कर लिया।
आज रजिस्ट्री होकर प्रभावित परिवारों को मिलेंगे फ्लैट्स
मकान तोड़कर बैठे प्रकाश नगर झुग्गी बस्ती के प्रभावित परिवारों को फ्लैट्स बुधवार को मिलेंगे। मंगलवार सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक आठ घंटे चली कार्रवाई के बाद निगम की टीम ने दस्तावेज तैयार कर लिए हैं। इसके लिए उन्हें सुबह 10 बजे ही बुला लिया गया था।
रजिस्ट्री में लगाने के लिए निगम अमले ने डोसीगांव के आवंटित फ्लैट्स पर ले जाकर उनके फोटो सहित अन्य कागजात बना लिए हैं। सारी तैयारी होने के बाद आयुक्त सोमनाथ झारिया और सिटी इंजीनियर सुरेश व्यास ने रजिस्ट्रार से बात कर रजिस्ट्री के लिए स्लाट भी बुक करा लिया है। बुधवार सुबह 11 बजे सबसे पहले उन्हीं की रजिस्ट्री की जाएगी। इसके बाद फ्लैट्स सौंप दिया जाएगा। मंगलवार को भी निगम ने प्रभावित परिवारों के लिए भोजन सहित अन्य इंतजाम किए।
कांग्रेस नेता और सफाई संरक्षक हितेश पैमाल को नोटिस दिया
नगर निगम आयुक्त सोमनाथ झारिया ने वार्ड एक के सफाई संरक्षक (गैंग कर्मचारी) और कांग्रेस नेता हितेश पैमाल पर राजनीतिक धरना प्रदर्शन में भाग लेने पर नोटिस जारी किया है। इसमें एक दिन का वेतन काटने तथा सेवा से बर्खास्त करने की कार्रवाई को लेकर दो दिन में जवाब मांगा है।
कुमावत समाज के ऑनलाइन परिचय सम्मेलन में 60 रिश्ते हुए तय
श्री क्षत्रिय सूर्यवंशी कुमावत समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों का परिचय सम्मेलन हुआ। समाज के चिंतन मंच व ओमप्रकाश सनेचा युवा मित्र मंडल द्वारा चयनित वाॅट्सएप ग्रुप के माध्यम ऑनलाइन किया गया। इसमें समाज के करीब 3 हजार से ज्यादा परिवारों ने ऑनलाइन रहकर इस परिचय सम्मेलन को देखा। 2 माह से हर रविवार को ऑनलाइन परिचय सम्मेलन लगातार जारी है। इसमें 22 नवंबर तक 60 रिश्ते ऑनलाइन तय हुए हैं।
नीतेश लाड़ ने बताया कि संचालन कुमावत समाज चिंतन मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश सनेचा, उपाध्यक्ष सोनू कुमावत, सचिव देवेन्द्र कुमावत, सहसचिव सत्यनारायण जजावरा कुमावत, कोषाध्यक्ष गोपाल यादव कुमावत सहित आदि अन्य ने किया।
गंदगी फैलाने वाले सात दुकानदारों पर जुर्माना
सार्वजनिक स्थानों पर कचरा डालकर गंदगी फैलाना वाले बाजना बस स्टैंड क्षेत्र के सात दुकानदारों पर मंगलवार को स्वास्थ्य अमले ने जुर्माना लगाया।
आयुक्त सोमनाथ झारिया ने तुरंत ही कालू अशोक पर 5000 रुपए, मनोज-फकीरचंद पर 3000 रुपए, नित्याननंद चिप्स भंडार व द्वारकाधीश नमकीन भंडार पर 1000 रुपए, नरेंद्र व अशोक पर 100 रुपए तथा लक्कड़पीठा रोड के कैलाशचंद्र से 500 रुपए स्पॉट फाइन वसूला गया। प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी एपी सिंह, जोन प्रभारी पर्वत हाड़े साथ रहे। निरीक्षण के दौरान 3 सफाई संरक्षक रतन दिलीप, आनंद राजाराम और आशाबाई-राजेश बिना सूचना के ड्यूटी पर अनुपस्थित मिले। आयुक्त ने तीनों को एक दिन का वेतन काटने का नोटिस जारी किया। अमले ने चमारिया नाका, त्रिपोलिया गेट, लोकेंद्र टॉकिज चौराहा, जेल रोड पर कार्रवाई करते हुए 25 लोगों को बिना मास्क घूमते पकड़ा व प्रत्येक से 100 रुपए का जुर्माना लिया गया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Hi friends