होम आइसोलेशन में रहने वाले कोरोना मरीजों के घर से निकलने वाला वेस्ट, म्युनिसिपल वेस्ट के साथ ही उठाया जा रहा है। इससे ना सिर्फ निगम के कर्मचारियों के संक्रमित होने की आशंका है बल्कि पूरा कचरा कोरोना संक्रमित होने से कोरोना का संक्रमण व्यापक स्तर पर फैलने का खतरा बढ़ रहा है। सीपीसीबी की गाइडलाइन की अनदेखी का खुलासा खुद नगर निगम की कचरा कलेक्शन वाली गाड़ियों पर तैनात कर्मचारियों ने किया है।
गाइडलाइन के मुताबिक कोरोना वेस्ट को 72 घंटे तक रैपर में रखने के बाद निगम की गाड़ी में लगे पीले बॉक्स में डालना चाहिए। लेकिन, हकीकत यह है कि निगम के कर्मचारियों को पता ही नहीं चलता है कि किस घर में कोरोना मरीज है और कोविड वेस्ट को अलग से लेना है। भोपाल इंसीनरेटर के डायरेक्टर डॉ. दीपक शाह ने बताया कि शुरुआत में इंसीनरेटर की गाड़ियों से कोविड वेस्ट का कलेक्शन कराया जा रहा था। सीपीसीबी की गाइड लाइन में हुए बदलाव के बाद निगम की गाड़ियां ही कोविड वेस्ट कलेक्ट कर रही हैं, ऐसे में इंसीनरेटर की गाड़ियां बंद कर दी गई हैं।
सभी घरों से कचरा कलेक्ट कर रहे कर्मचारी
- तुलसी नगर और आसपास के इलाके में घरों से कचरा कलेक्शन की गाड़ी चलाने वाले मनोज छावरिया ने बताया कि अब पता ही नहीं चलता कि किस घर में कोरोना मरीज है। ऐसे में हम सभी घरों से सामान्य स्थिति में ही कचरा उठाते हैं।
- हर्षवर्धन नगर में कचरा कलेक्शन करने वाली नीतू कोटवार ने बताया कि इस इलाके में चार-पांच घरों में कोरोना पॉजिटिव थे। वे अलग थैली में कचरा जमा करके अपने हाथ से गाड़ी में डालते थे। हम अपने हाथ में कचरा नहीं लेते थे।
- सुरुचि नगर में पांच कोरोना पॉजिटिव मरीज हैं। जिस घर में कोरोना पॉजिटिव मरीज हैं उसी गली में खड़ी निगम की कचरा कलेक्शन वाली गाड़ी के कर्मचारी राधे को इसकी भनक तक नहीं है। राधे सभी घरों से कचरा उठा रहे हैं।
15 अक्टूबर को होम आइसोलेशन में थे 1016
15 अक्टूबर को महज 1016 मरीज होम आइसोलेशन में थे तब करीब दो हजार किलो कोरोना वेस्ट निकल रहा था। अभी होम आइसोलेशन में 1500 से ज्यादा मरीज हैं ऐसे में तीन हजार किलो कोरोना वेस्ट निकल रहा है।
ऐसा होने पर शहर में तेजी से फैल सकता है संक्रमण
होम आइसोलेशन में रहने वाले कोरोना पॉजिटिव का उपयोग किया गया मास्क, ग्लब्स, सिरिंज, दवाइयों के रैपर, खाली बोतल आदि कोविड वेस्ट है। इसे 72 घंटे तक अलग रैपर में रखने के बाद निगम की गाड़ी में अलग से देना चाहिए। कचरा कलेक्शन सेंटर पर यह वेस्ट अलग जमा करके इंसीनरेटर को भेजा जाना चाहिए। यह वेस्ट म्युनिसिपल वेस्ट में मिलता है तो तमाम वेस्ट संक्रमित होगा और इससे संक्रमण फैल सकता है। -एए मिश्रा, मेंबर सेक्रेटरी, एमपीपीसीबी
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Hi friends