इंदौर.कोरोना से मुकाबले के लिए रविवार को सुबह 7 से रात 9 बजे तक जनता कर्फ्यू काे शहर ने पूरा समर्थन दिया। हमेशा व्यस्त रहने वाला बड़ा गणपति चौराहा सुबह से सुनसान था।
एमजी रोड, सुभाष मार्ग, एयरपोर्ट रोड, जवाहर मार्ग, वीआईपी रोड, राजमोहल्ला की ओर जाने वाली सड़कें सूनी थीं।
पश्चिम क्षेत्र की सभी कॉलोनी और मोहल्लों में हर सड़क सूनी थी। शाम 5 बजते ही लोग घरों की छत, बालकनी में खड़े हुए। ताली, थाली, शंख ध्वनि से गुंजायमान कर दिया।
एमआईजी क्षेत्र में सबसे ज्यादा गार्डन होंगे। यहां की हर सुबह लोगों के ठहाकों से शुरू होती है, लेकिन जनता कर्फ्यू के कारण सिर्फ पक्षियों की चहचहाहट सुनवाई दे रही थी। दिन के उजाले में रात सी खामोशी थी।
कृष्णबाग कॉलोनी में सुबह 7 से 8 के बीच दूध वाले दूध बांटने निकल पड़े थे। जो किराना दुकानें सुबह 7 बजे से खुल जाती थीं, वे बंद ही रहीं। जिन लोगों ने एक दिन पहले चक्की पर गेहूं पिसाई के लिए रखे थे, उन्हें आटा देने के लिए कुछ समय के लिए चक्की खोली गई। कचरा गाड़ी 9 बजे आई।
चंदननगर, बंबई बाजार, सदर बाजार और जूना रिसाला क्षेत्रों में भी मुकम्मल बंद रहा। हर कोई खिड़की-दरवाजे से झांक रहा था, लेकिन वे घरों में कैद रहे।
गंगवाल बस स्टैंड के होटल व्यवसायी संजय राठौर ने कहा होटल तो जीवनभर चला लेंगे, अभी कोरोना को भगाना है। उधर, लोगों ने जहां दिनभर खुद को घरों में बंद रखा, वहीं राजस्व के फेर में शहर की शराब दुकानें दिनभर खुली रहीं।
कर्फ्यू का क्राइम पर असर
जनता कर्फ्यू में अपराधी भी घर से नहीं निकल सके, इसलिए थानों में अपराधों का आंकड़ा भी रोजाना की तुलना में 4 प्रतिशत ही दर्ज हुआ। पूरे शहर में 33 थानों में रोजाना 60 से 70 आपराधिक केस दर्ज होते हैं लेकिन रविवार रात 9 बजे तक छह थानों में ही अपराध दर्ज हुए। डीआईजी रुचिवर्धन मिश्र ने बताया द्वारकापुरी थाने में एक केस मारपीट का, एरोड्रम थाने में एक केस मारपीट का, बाणगंगा में एक केस जुए का, छोटी ग्वालटोली में विवाद की एक रिपोर्ट, तिलक नगर में दुष्कर्म का एक केस और हीरानगर थाने में दुर्घटना का केस दर्ज हुआ है।
कर्फ्यू का प्रदूषण पर असर
जनता कर्फ्यू के कारण शहर में प्रदूषण का स्तर घटकर 100 के अंदर आ गया। इसमें जहां एक्यूआई 75 रहा तो पीएम-10 75 और पीएम 2.5 का आंकड़ा 30 रहा। इसके एक दिन पहले शनिवार को शहर का एक्यूआई 130 दर्ज किया गया था। साथ ही पीएम-10 145 और पीएम 2.5 का आंकड़ा 43 था।
होम क्वॉरेंटाइन वालों पर नजर रखने के लिए 23 रैपिड रिस्पांस टीम
कोरोना को लेकर किसी भी संदेहास्पद व्यक्ति की जानकारी देने के लिए कलेक्टर लोकेश कुमार जाटव ने शहर में 23 रैपिड रिस्पांस टीम बना दी हैं। हर क्षेत्रीय एसडीएम के दायरे में तीन-तीन टीमों का गठन किया है। साथ ही तीन रिजर्व में टीम और दो जिला मुख्यालय पर रहने के लिए टीम बनाई हैं। कोई भी व्यक्ति अपने क्षेत्र के एसडीएम को इसकी सूचना दे सकता है। हर टीम में मेडिकल ऑफिसर, पैरामेडिकल स्टाफ, निगम व पुलिस अधिकारी को शामिल किया है।
सतर्कता- दुबई से लौटे 112 यात्रियों को हाथ पर सील लगा घर भेजा
इस क्षेत्र का व्यक्ति यहां कर सकता है संपर्क
- कनाड़िया क्षेत्र : एसडीएम सोहन कनाश- 9407100017
- मल्हारगंज क्षेत्र : एसडीएम राकेश शर्मा- 9893506630
- जूनी इंदौर : एसडीएम शाश्वत शर्मा- 9425467876
- खुड़ैल : एसडीएम आरएस मंडलोई- 7869226652
- राऊ : एसडीएम रवि कुमार सिंह- 9425391052
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Hi friends