चंडीगढ़ ।राज्य में कोरोनो वायरस से जंग जीतने के लिए सरकार ने अपना दूसरा प्लान जारी कर दिया है। लॉकडाउन के बाद अब प्रदेश की सभी सीमाएं सील कर दी गई हैं। जिन पर 160 नाके लगाए हैं। न तो राज्य में किसी को एंट्री दी जा रही है और न ही किया को बाहर जाने दिया जा रहा है। नाकों पर खुद एसपी और डीएसपी लगातार गश्त कर नजर बनाए हुए हैं।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल से लेकर गृह मंत्री अनिल विज और मुख्य सचिव केशनी आनंद अरोड़ा दूसरे प्रदेशों में रह रहे हरियाणा के लोगों की व्यवस्था के लिए दूसरे राज्यों की सरकारों से संपर्क बनाए हुए हैं।लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर प्रदेश में अब तक 610 एफआईआर दर्ज कर 745 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। 3407 वाहनों को जब्त किया गया है। एडीजीपी लॉ एंड आर्डर नवदीप विर्क ने बताया कि पुलिस ने श्रमिकों और प्रवासी मजदूरों के पलायन को रोकने के लिए सभी अंतरराज्यीय सीमाओं को पूरी तरह से सील कर दिया है। वहीं, हरियाणा में अब तक 461 अस्थाई आश्रय बनाए गए हैं।
अब जलमार्ग भी बंद किया : हरियाणा और उत्तरप्रदेश के बीच आवागमन के लिए यमुना में चलाई जा रही नाव को पुलिस ने जब्त कर लिया है। बीते कई दिनों से यमुना में नाव के जरिए पब्लिक व बाइकों का ट्रांसपोर्ट चल रहा था। लॉकडाउन में खुले जलमार्ग को बंद कर दिया है।
कार्गो वाहनों को अनुमति :राज्य में लॉकडाउन के दौरान, आवश्यक व आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर सार्वजनिक गतिविधियों पर प्रतिबंध है। राज्य व राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहनों में कार्गो आवाजाही को अनुमति है। लोगों को अनावश्यक रूप से सड़क पर घूमने से बचना चाहिए।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Hi friends